होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर में महिला सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल यूनिट शुरू, आपात स्थिति में तुरंत पहुंचेगी पुलिस

रायपुर में महिला सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल यूनिट शुरू, आपात स्थिति में तुरंत पहुंचेगी पुलिस

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पिंक पेट्रोल यूनिट की शुरुआत की है। इस यूनिट का मकसद महिलाओं को आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाना है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर तीन पिंक पेट्रोलिंग यूनिट को शहर में तैनात किया गया है, जिनमें कुल 27 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।

महिला दिवस के मौके पर की गई शुरुआत

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले ने पिंक पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस यूनिट के माध्यम से कंट्रोल रूम, कॉल ट्रैकिंग सिस्टम और पेट्रोलिंग टीम के समन्वय से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता प्रदान करेगी।

दो शिफ्ट में तैनात रहेंगी पेट्रोलिंग टीमें

पिंक पेट्रोलिंग टीम रोजाना दो शिफ्ट में काम करेगी। पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक सक्रिय रहेगी। महिलाओं से जुड़ी आपात कॉल कंट्रोल यूनिट को प्राप्त होते ही संबंधित डीसीपी जोन की टीम को सूचना दी जाएगी और टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद करेगी।

यह यूनिट रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कार्य करेगी और शहर के तीनों डीसीपी जोन में एक-एक पिंक पेट्रोलिंग टीम तैनात की गई है।

छात्राओं और कामकाजी महिलाओं पर विशेष फोकस

पिंक पेट्रोलिंग टीम का मुख्य ध्यान कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर रहेगा। जरूरत पड़ने पर मौके पर ही उन्हें काउंसिलिंग और सहायता भी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही हॉस्टल और पीजी में रहने वाली महिलाओं से नियमित संपर्क बनाए रखने की भी योजना बनाई गई है। किसी गंभीर मामले में महिला हेल्पडेस्क या महिला थाना के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल-कॉलेज और मॉल में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

पुलिस की यह टीम शहर के सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज और शॉपिंग मॉल में भी जाकर महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में जागरूकता फैलाएगी। सप्ताह में दो दिन ऐसे स्थानों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा ईव-टीजिंग और स्टॉकिंग की आशंका वाले क्षेत्रों में सरप्राइज पेट्रोलिंग, संवेदनशील स्थानों की पहचान और निगरानी भी की जाएगी।

महिलाओं के लिए जारी किया गया व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर

महिलाओं की सुविधा के लिए पुलिस ने व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 जारी किया है। किसी भी तरह की परेशानी होने पर महिलाएं इस नंबर पर संपर्क कर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

इस पहल के शुभारंभ के मौके पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मुख्यालय डॉ. अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सेंट्रल तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त सीएडब्ल्यू रुचि वर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त लाइन नीलेश द्विवेदी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

 


संबंधित समाचार