होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

स्टीकर के नीचे निकला दूसरे ब्रांड का लेबल, ग्राहक ने बनाया वीडियो; भूपेश बघेल ने किया शेयर 

स्टीकर के नीचे निकला दूसरे ब्रांड का लेबल, ग्राहक ने बनाया वीडियो; भूपेश बघेल ने किया शेयर 

राजनांदगांव में बीयर की एक बोतल को लेकर अजीबोगरीब मामला सामने आया है। शहर के एक ग्राहक ने अपनी पसंद की बीयर खरीदने के बाद जब बोतल पर लगा स्टीकर हटाया, तो उसके नीचे किसी दूसरी कंपनी का स्टीकर दिखाई दिया। यह देखकर ग्राहक हैरान रह गया और उसने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया और आबकारी विभाग में भी हलचल मच गई। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और पूरी जानकारी की रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश स्तर पर भेज दी है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

सूत्रों के मुताबिक यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की शिकायत सामने आई हो। प्रदेश के अन्य जिलों में भी पहले इसी कंपनी की बीयर बोतलों में अलग ब्रांड का स्टीकर मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उस समय भी मामला उजागर होने के बाद आबकारी विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी किया था और उस पर आर्थिक दंड लगाया गया था। कंपनी ने जुर्माने की राशि भी जमा कर दी थी। इसके बावजूद कुछ महीनों के भीतर दोबारा इसी तरह की शिकायत सामने आने से विभाग भी सतर्क हो गया है।

बिक्री पर लगी थी रोक, फिर भी ग्राहक को बेच दी गई बीयर

स्थानीय आबकारी विभाग के अनुसार सूरजपुर जिले में नवंबर महीने में इसी तरह की घटना सामने आने के बाद प्रदेश स्तर से निर्देश जारी किए गए थे कि संबंधित कंपनी की बीयर की बिक्री अगले आदेश तक रोक दी जाए। इस आदेश के चलते उक्त बीयर का स्टॉक शहर की प्रीमियम वाइन शॉप में रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि होली के दौरान भीड़भाड़ के बीच अंबेडकर चौक स्थित प्रीमियम वाइन शॉप के एक सेल्समेन ने गलती से यह बीयर एक ग्राहक को बेच दी।

आबकारी विभाग ने मांगा स्पष्टीकरण

आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि जिस बीयर की बिक्री पर रोक लगी हुई थी, उसे शहर की प्रीमियम वाइन शॉप में एक कर्मचारी द्वारा ग्राहक को बेच दिया गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सेल्समेन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।विभाग ने पूरे मामले की जांच करते हुए रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। वहीं बीयर की बोतल में दो अलग-अलग ब्रांड के स्टीकर मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग भी इस मामले को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

 


संबंधित समाचार