होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

चार जिलों में अवैध धान पर शिकंजा: 30 हजार क्विंटल धान और 86 वाहन जब्त

चार जिलों में अवैध धान पर शिकंजा: 30 हजार क्विंटल धान और 86 वाहन जब्त

रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में 13 जनवरी 2026 को चार जिलों में बड़े पैमाने पर संयुक्त कार्रवाई की गई। अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री के प्रयासों को रोकते हुए भारी मात्रा में अवैध धान और वाहनों को जब्त किया गया।

चार जिलों में कुल 30,490 क्विंटल धान जब्त

बलरामपुर, जशपुर, सक्ती और जांजगीर-चांपा जिलों में इस अभियान के दौरान 30,490 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। इस कार्रवाई में 86 वाहनों को भी कब्जे में लिया गया। इसे अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई माना जा रहा है।

जशपुर: वेदांश राइस मिल में धान की भारी कमी, मिल सील

जशपुर जिले के बगिया स्थित वेदांश राइस मिल की जांच के दौरान 9,700 क्विंटल धान की कमी पाई गई। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर मिल को तत्काल सील कर दिया गया। दस्तावेजों और स्टॉक की विस्तृत जांच अभी जारी है।

बलरामपुर: 20,426 क्विंटल धान और 83 वाहन जब्त

बलरामपुर जिले में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के नेतृत्व में अंतरराज्यीय सीमाओं और उपार्जन केंद्रों पर सतत निगरानी की जा रही है। इस कार्रवाई के तहत अब तक 129 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसमें 20,426.49 क्विंटल अवैध धान और 83 वाहन जब्त किए गए। चांदो उपार्जन केंद्र पर भी 65 बोरी अवैध धान को बेचने के प्रयास के दौरान जब्त किया गया।

सक्ती: 331 क्विंटल अवैध धान और वाहन जब्त

सक्ती जिले में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए 331 क्विंटल अवैध धान और कई वाहन जब्त किए गए।

सरकार का संदेश: किसानों के अधिकार सर्वोपरि

राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसानों के हित की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध धान के परिवहन, भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर सतत कार्रवाई जारी रहेगी। उपार्जन केंद्रों में पुराने या अवैध धान की बिक्री पर प्रशासन की कड़ी निगरानी हमेशा बनी रहेगी।


संबंधित समाचार