नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मामले में पाकिस्तान स्थित आतंकी सरगना और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के संस्थापक हाफिज सईद के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दायर की है। यह चार्जशीट सोमवार को जम्मू स्थित NIA की विशेष अदालत में पेश की गई। एजेंसी का दावा है कि जांच में मिले नए साक्ष्यों के आधार पर पाकिस्तान से रची गई आतंकी साजिश और हाफिज सईद की भूमिका को और मजबूत किया गया है।
आतंकी संगठनों के प्रमुख के रूप में बनाया आरोपी
NIA ने चार्जशीट में हाफिज सईद को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और उसके सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के प्रमुख के रूप में नामजद किया है। एजेंसी ने उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत कई गंभीर धाराएं लगाई हैं। इसके अलावा भारत के खिलाफ युद्ध जैसी साजिश रचने और सीमा पार से आतंकी गतिविधियों का संचालन करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
नई चार्जशीट में शामिल किए गए अतिरिक्त साक्ष्य
NIA के अनुसार यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की मूल चार्जशीट का विस्तारित हिस्सा है। इसमें वैज्ञानिक जांच, डिजिटल साक्ष्य, फॉरेंसिक विश्लेषण और मौके पर जुटाए गए तथ्यों के आधार पर पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क और उसकी भूमिका का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
पहले भी कई आरोपियों को किया जा चुका है नामजद
इससे पहले दिसंबर 2025 में दायर चार्जशीट में पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर साजिद जट्ट, ऑपरेशन महादेव में मारे गए तीन आतंकियों तथा दो गिरफ्तार आरोपियों को नामजद किया गया था। साथ ही लश्कर-ए-तैयबा और TRF को हमले की साजिश रचने और उसे अंजाम देने वाली इकाई के रूप में भी आरोपी बनाया गया था।
22 अप्रैल 2025 को हुआ था हमला
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए हमला किया था। इस हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी। घटना के बाद अनंतनाग जिले के पहलगाम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्रारंभिक जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामला NIA को सौंप दिया। एजेंसी अब पूरे आतंकी नेटवर्क और सीमा पार से जुड़े षड्यंत्र की जांच आगे बढ़ा रही है।