जगदलपुर। NEET UG 2026 री-एग्जाम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को परीक्षा के प्रश्नपत्र वायुसेना के विशेष विमान से जगदलपुर के मां दंतेश्वरी विमानतल पहुंचे। एयरपोर्ट पर पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात थी। प्रश्नपत्रों को एयरफोर्स की निगरानी और पुलिस सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया।
एयरपोर्ट पर दिखी हाई लेवल सुरक्षा
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए एयरपोर्ट परिसर में विमान के पहुंचने से करीब दो घंटे पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया था। एयरपोर्ट के अंदर और बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी, जिससे पूरा परिसर किसी वीवीआईपी मूवमेंट जैसा नजर आया। सुबह करीब 11:30 बजे वायुसेना का विशेष विमान मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर उतरा। विमान के पहुंचते ही सुरक्षा जवानों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद सीलबंद पेटियों में रखे प्रश्नपत्रों को विमान से उतारकर निर्धारित वाहनों में रखा गया।
वीवीआईपी सुरक्षा के साथ पहुंचाए गए प्रश्नपत्र
प्रश्नपत्रों को सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। जिस वाहन में प्रश्नपत्र रखे गए थे, उसके आगे और पीछे पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वाहन तैनात थे। पूरे रास्ते सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में रहीं ताकि किसी भी प्रकार की चूक न हो।
गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश
प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारियों को गोपनीय रखने के निर्देश दिए हैं। नोडल अधिकारियों सहित परीक्षा से जुड़े कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की जानकारी सार्वजनिक या साझा नहीं करने को कहा गया है।
पेपर लीक के बाद बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि इस वर्ष 3 मई को आयोजित NEET UG परीक्षा को पेपर लीक की पुष्टि के बाद 12 मई को निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया। इसी कारण इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
21 जून को होगी परीक्षा, एडमिट कार्ड जारी
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा 21 जून को निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन संख्या और पासवर्ड के माध्यम से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले वे अपने बैंक खाते की जानकारी का सत्यापन भी कर लें, ताकि रिफंड संबंधी प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या न आए।
महत्वपूर्ण बिंदु
वायुसेना के विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचे प्रश्नपत्र
एयरपोर्ट से स्ट्रांग रूम तक कड़ी सुरक्षा में पहुंचाया गया
21 जून को आयोजित होगी NEET UG 2026 री-एग्जाम