Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में सोमवार सुबह कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत हो रही है। प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल आज से ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद फिर से खुल रहे हैं। वहीं विधानसभा के मानसून सत्र की तारीख घोषित कर दी गई है। दूसरी ओर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना है।
आज से शुरू हुए प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल
ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी स्कूल आज से नियमित रूप से संचालित होंगे। नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन पूरे प्रदेश में प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शिक्षा विभाग के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) की निगरानी में स्कूलों में व्यापक तैयारियां की गई हैं। स्कूल भवनों की साफ-सफाई, मरम्मत, रंग-रोगन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली गई हैं। नए विद्यार्थियों के स्वागत को लेकर बच्चों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।
राहुल गांधी आएंगे छत्तीसगढ़, कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए 21 जून से 30 जून तक 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में जिला कांग्रेस अध्यक्षों और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। रायपुर में आयोजित होने वाले इस शिविर को आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
13 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होगा। यह सत्र 17 जुलाई तक चलेगा, जिसमें कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र के दौरान कृषि, खाद-बीज की उपलब्धता, मानसून की स्थिति, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों की ओर से कई महत्वपूर्ण विषय सदन में उठाए जा सकते हैं।
राजधानी रायपुर में रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में ही रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:30 बजे मंत्रालय महानदी भवन पहुंचेंगे और विभिन्न प्रशासनिक एवं कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा करेंगे। सरकार की प्राथमिक योजनाओं और विभागीय कार्यों को लेकर भी अधिकारियों के साथ बैठक होने की संभावना है।
कांग्रेस ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल, लोकभवन में सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरा है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सरकारी अस्पतालों में अमानक और निम्न गुणवत्ता वाली दवाओं की आपूर्ति की जा रही है। कांग्रेस ने मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में सप्लाई की जा रही दवाओं की गुणवत्ता जांच कराने, खरीद प्रक्रिया की समीक्षा करने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही दवा वितरण और स्टोरेज व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
CM हेल्पलाइन और सुशासन तिहार पर कांग्रेस का हमला
रायपुर में कांग्रेस नेता और पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और सुशासन तिहार को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन तिहार केवल एक दिखावा बनकर रह गया है। उनके अनुसार विभिन्न विभागों में शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा है और आम लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उपाध्याय ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के दौरान आयोजित जनदर्शन कार्यक्रमों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार ने ऐसे कार्यक्रम बंद कर दिए हैं।
13 जुलाई से शुरू होगा विधानसभा का पावस सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का पावस सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुल पांच बैठकें होंगी। सत्र के दौरान खाद, बीज, किसानों की समस्याएं, बिजली दर वृद्धि और अन्य जनहित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
बस्तर में धीमे निर्माण कार्यों पर कार्रवाई
डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव के निरीक्षण के बाद बस्तर संभाग में सड़क और पुल निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई की गई है। दो ठेकेदारों का पंजीयन निरस्त कर दिया गया है, जबकि आठ अन्य ठेकेदारों को नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा दो अन्य मामलों में मुख्य अभियंता (CE) से प्रतिवेदन मांगा गया है। 1 जुलाई से महंगी होगी बिजली छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिजली दरों में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। नई दरों के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि, कृषि पंप उपभोक्ताओं के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि और नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी।
बिजली दर वृद्धि पर कांग्रेस का विरोध
बिजली दरों में बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में कई बार वृद्धि की जा चुकी है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पार्टी ने बिजली दर वृद्धि वापस लेने और स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा करने की मांग की है।
सक्ती में रिश्वतखोरी पर एसीबी की बड़ी कार्रवाई
सक्ती जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जनपद पंचायत के एक सीईओ, क्लर्क और भृत्य को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार आरोपियों को एक लाख रुपये की रिश्वत की दूसरी किस्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच एजेंसी ने आरोपी निखिल कश्यप, अविनाश ठाकुर और लच्छन भानु के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।