होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट, 2 की मौत; धमाके से दहल उठा पूरा इलाका

पटाखा गोदाम में भीषण विस्फोट, 2 की मौत; धमाके से दहल उठा पूरा इलाका

राजस्थान के नागौर जिले में गुरुवार को एक पटाखा गोदाम में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के घर तक इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। विस्फोट के बाद गोदाम में आग लग गई, जिसे दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया।

यह घटना नागौर पुलिस थाना क्षेत्र के बड़ली गांव की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाके के वक्त गोदाम में तीन लोग मौजूद थे। विस्फोट में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे व्यक्ति को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया। उसका इलाज नागौर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल में जारी है।

दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी आवाज लगभग दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके के कारण गोदाम के आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शरीर के कुछ हिस्से आसपास के घरों तक जा गिरे। अचानक हुए धमाके से इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। गोदाम में लगी आग को बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से शवों के अवशेष एकत्र किए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भिजवाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मृतकों की पहचान मोहम्मद आमिर और मुजीब के रूप में हुई

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहम्मद आमिर और मुजीब के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में बहनोई और साले बताए जा रहे हैं। गोदाम में मौजूद तीसरा व्यक्ति विस्फोट में घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लंबे समय से चल रहा था पटाखों और बारूद का कारोबार

सर्कल ऑफिसर जतिन जैन के मुताबिक, संबंधित स्थान पर लंबे समय से पटाखों और बारूद का गोदाम संचालित किया जा रहा था। शुरुआती जांच में बारूद में आग लगने को विस्फोट की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गोदाम संचालकों के पास लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।

वहीं, तहसीलदार नरसिंह टैंक ने बताया कि घटनास्थल पर लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। विस्फोट की असली वजह, गोदाम में रखे विस्फोटक सामान की मात्रा और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन जांच के बाद ही सामने आएगा।

 

संबंधित समाचार