नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को पूछताछ के लिए तलब किया है। दोनों नेताओं को गुरुवार को राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में पेश होना था। तय समय से पहले ही दोनों नेता करीब 11:15 बजे कार्यालय पहुंच गए। दोपहर 12 बजे से उनसे पूछताछ शुरू होने की जानकारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच सरकारी आदेशों की अवहेलना, बिना अनुमति जंतर-मंतर पहुंचने और दूसरे की संपत्ति में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। इसी सिलसिले में दोनों नेताओं को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
पुलिस इन मामलों में दोनों नेताओं की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को लेकर सवाल कर सकती है। फिलहाल पूछताछ के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।