MP Morning News : राजधानी भोपाल में एक ही दिन में कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। जहां एक ओर सरकार ने आयुष्मान भारत योजना में गड़बड़ी करने वाले अस्पतालों पर एक्शन लिया है। तो वही गैस सिलेंडर की कमी, बदमाशों की फायरिंग और नगर निगम में करोड़ों के फर्जी ई-बिल घोटाले ने हलचल मचा दी है।
आयुष्मान योजना में गड़बड़ी, अस्पताल निलंबित
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर आयुष्मान योजना में गड़बड़ी के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में वेदांत अस्पताल को योजना से निलंबित कर दिया गया है। जांच में गड़बड़ी सामने आने पर अस्पताल पर 5 लाख 27 हजार 900 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
गैस सिलेंडर अफवाह पर सीएम की अपील
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गैस सिलेंडर की कमी को लेकर चल रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और 11 बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कालाबाजारी की शिकायत के लिए लोगों से ऑयल कंपनियों के टोल-फ्री नंबरों पर संपर्क करने को कहा गया है।
ऑयल कंपनियों के टोल-फ्री
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन : 1800-2333-555
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन : 1800-258-7170
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन : 1800-22-4344
भोपाल में बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग
अशोका गार्डन इलाके में कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने 8 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। इस हमले में उसका बेटा इमरान घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों में शादाब गेट, शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद हमलावर घायल को लेकर पहुंचे हमीदिया अस्पताल तक पहुंच गए और वहां भी फायरिंग कर दी, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गैस संकट, कारोबार प्रभावित
प्रदेश में गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। भोपाल में करीब 2 हजार होटल-रेस्टोरेंट को पिछले चार दिनों में सिलेंडर नहीं मिला है, जबकि कई जगह सिर्फ 24 से 48 घंटे का ही गैस स्टॉक बचा है। होटल एसोसिएशन ने सरकार से होटल, रेस्टोरेंट और कॉलेज कैंटीन को इमरजेंसी सेवा में शामिल करने की मांग की है।
भीषण गर्मी, बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा 40.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालांकि 15 से 17 मार्च के बीच ग्वालियर चंबदल इलाका, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभागों में बारिश की संभावना जताई गई है।
भोपाल में आज नेशनल लोक अदालत
आज जिला न्यायालय भोपाल और बैरसिया तहसील न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। लंबित मामलों के निपटारे के लिए कुल 60 खंडपीठों का गठन किया गया है। अदालत में आपराधिक मामलों, चेक बाउंस, बैंक रिकवरी, विद्युत अधिनियम और यातायात ई-चालान से जुड़े हजारों प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा।
बांधवगढ़ में बाघों की मौत
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नवंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच 08 बाघों की मौत के मामले में गठित एसआईटी अब तक रिपोर्ट पेश नहीं कर सकी है। रिपोर्ट 15 दिन में देने का निर्देश था, लेकिन 52 दिन बाद भी वन विभाग को रिपोर्ट नहीं मिली है। मामला फिलहाल मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
भोपाल नगर निगम, करोड़ों के फर्जीबाड़े का खुलासा
भोपाल नगर निगम में गाड़ियों की मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये के फर्जी ई-बिल बनाए जाने का मामला सामने आया है। लोकायुक्त की कार्रवाई में SAP सिस्टम का डेटा जब्त किया गया है। जांच में सामने आया कि बिना काम कराए ही ई-बिल बनाकर भुगतान किया जा रहा था। मामले में अपर आयुक्त समेत कई अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।