MP Breaking News: मध्यप्रदेश में शुक्रवार का दिन प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज छिंदवाड़ा के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई विकास एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसी दौरे के दौरान प्रदेशव्यापी 'जन-विश्वास अभियान' का भी शुभारंभ होगा। दूसरी ओर मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक भारी से हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है।
CM मोहन यादव का आज का पूरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 09:05 बजे भोपाल से छिंदवाड़ा के लिए रवाना होंगे।
उनके प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं—
सुबह 10:15 बजे एफडीडीआई ऑडिटोरियम, छिंदवाड़ा में अभिनंदन समारोह में शामिल होंगे।
11:10 बजे आईटीआई कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
11:45 बजे स्वर्गीय लोकेश डेहरिया (पूर्व पार्षद) के निवास पहुंचेंगे।
12:05 बजे लोक सेवा केंद्र कार्यक्रम में शामिल होंगे।
12:20 बजे कलेक्ट्रेट में उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद करेंगे।
जिला स्तरीय ऑनलाइन समाधान कार्यों की समीक्षा करेंगे।
02:25 बजे करन होटल पहुंचेंगे।
02:45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीहोर के बलराम कृषि महोत्सव में जुड़ेंगे।
03:25 बजे छिंदवाड़ा से नागपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
04:05 बजे नागपुर से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे।
05:05 बजे इंदौर से उज्जैन पहुंचेंगे।
06:30 बजे उज्जैन में जजेज गेस्ट हाउस के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
आज से शुरू होगा 'जन-विश्वास अभियान'
प्रदेश सरकार आज से 'जन-विश्वास अभियान' की शुरुआत कर रही है। अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव छिंदवाड़ा से करेंगे। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री, सभी मंत्री, मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी प्रत्येक शुक्रवार जनता के बीच रहेंगे। अधिकारी करीब चार घंटे कार्यालय से बाहर रहकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। अभियान लगातार छह महीने तक संचालित किया जाएगा। सभी कलेक्टरों को दिनभर की रिपोर्ट ऑनलाइन मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजनी होगी।मुख्यमंत्री छिंदवाड़ा से सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा भी करेंगे।
TET अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत
मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप सितंबर-अक्टूबर के लिए संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा। अनुमान है कि करीब 1.5 लाख अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं और विस्तृत समय-सारिणी जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इससे शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ाने पर सरकार का फोकस रहेगा, सरकार का उद्देश्य प्रशासन को सीधे जनता से जोड़ना और लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री के दौरे, जन-विश्वास अभियान, मौसम की चुनौती और TET परीक्षा से जुड़े निर्णयों के कारण शुक्रवार का दिन प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मध्यप्रदेश में अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट
मध्यप्रदेश में अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, टीकमगढ़, छतरपुर और सागर जिले में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, दतिया, अशोकनगर, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी। प्रदेश में सामान्य से लगभग 46 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। कई जिलों में सूखे जैसे हालात बन गए हैं। धान के खेतों में दरारें पड़ने लगी हैं, जबकि सोयाबीन की फसल पर कीटों का प्रकोप बढ़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।