होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

सक्ती में भाजपा का बड़ा चुनावी दावा, प्रभारी मंत्री बोले- विकास के दम पर जीतेंगे तीनों विधानसभा क्षेत्र

सक्ती में भाजपा का बड़ा चुनावी दावा, प्रभारी मंत्री बोले- विकास के दम पर जीतेंगे तीनों विधानसभा क्षेत्र

सक्ती। हरिभूमि और आईएनएच द्वारा आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विकास, संगठन और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। राधा-कृष्ण मंदिर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पिछले 27 महीनों से लगातार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और अब छत्तीसगढ़ विकास एवं पर्यटन के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। कार्यक्रम के दौरान हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने मंत्री गुरु खुशवंत से विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

"जिम्मेदारी बढ़ी है, इसलिए काम करने का अवसर भी ज्यादा"

मंत्री गुरु खुशवंत ने कहा कि सक्ती जिले का प्रभारी बनाए जाने को वे बड़ी जिम्मेदारी के रूप में देखते हैं। उन्होंने माना कि जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के विधायक होने से चुनौती आसान नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार के विकास कार्यों और संगठन की ताकत के दम पर अगला चुनाव जीता जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मजबूत रणनीति तैयार की जा रही है और जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाया जाएगा।

लोकसभा चुनाव में संगठन मजबूत होने का मिला फायदा

प्रभारी मंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया गया। लोकसभा चुनाव के दौरान लगातार दौरे किए गए और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला।



डॉ. चरणदास महंत के प्रति जताया सम्मान

क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. चरणदास महंत पर पूछे गए सवाल के जवाब में गुरु खुशवंत ने कहा कि राजनीति अलग विषय है, लेकिन व्यक्तिगत रिश्ते हमेशा सम्मानजनक रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति के कई महत्वपूर्ण अनुभव उन्हें डॉ. महंत से सीखने को मिले और क्षेत्र के विकास के लिए सहयोग की भावना हमेशा बनी रही।

सक्ती को विकसित जिला बनाने पर सरकार का फोकस

उन्होंने बताया कि सक्ती नया जिला होने के कारण यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। कलेक्टोरेट भवन अंतिम चरण में है, जिला अस्पताल का निर्माण जारी है और शिक्षा के क्षेत्र में आत्मानंद स्कूलों को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं इस जिले के विकास पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।


 

आईटीआई का होगा आधुनिकीकरण

मंत्री ने स्वीकार किया कि सक्ती आईटीआई की स्थिति सुधारने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि नई बिल्डिंग के लिए बजट प्रस्तावित है और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार नए ट्रेड शुरू किए जाएंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि केंद्र सरकार की योजना के तहत प्रत्येक संभाग में नए आईटीआई खोले जाएंगे, जिनके लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है, ताकि युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा मिल सके।

पावर प्लांटों से CSR के जरिए विकास कार्य कराने की तैयारी

सक्ती जिले में संचालित बड़े पावर प्लांटों द्वारा स्थानीय विकास में अपेक्षित योगदान नहीं मिलने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी जानकारी जुटा रहा है। कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर CSR फंड के माध्यम से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

पलायन रोकने के लिए रोजगार और कृषि पर जोर

गुरु खुशवंत ने कहा कि पलायन रोकने के लिए सरकार किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार मेलों के आयोजन और स्वरोजगार योजनाओं पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तथा 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदी का लाभ मिल रहा है। वहीं बिहान जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
 



अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस नीति

रेत के अवैध उत्खनन और राखड़ की समस्या पर मंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार किसी भी प्रकार के अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं करेगी। नई रेत खदानों को स्वीकृति देने के साथ-साथ नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।

"जनता के बीच रहकर ही सरकार चलती है"

उन्होंने कहा कि जब भी वे सक्ती आते हैं, सबसे पहले जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हैं। सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।

बड़ा चुनावी दावा

जिला संवाद के अंत में मंत्री गुरु खुशवंत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस ने भ्रम फैलाकर चुनाव जीता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। भाजपा सरकार के विकास कार्यों के आधार पर अगली बार सक्ती जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।


संबंधित समाचार