होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Breaking News: विधानसभा का डिजिटल मानसून सत्र आज से, BJP विधायक दल की बैठक, OBC प्रदर्शन, 47 जिलों में बारिश का अलर्ट

MP Breaking News: विधानसभा का डिजिटल मानसून सत्र आज से, BJP विधायक दल की बैठक, OBC प्रदर्शन, 47 जिलों में बारिश का अलर्ट

MP Breaking News Today: मध्यप्रदेश में सोमवार का दिन राजनीति, विधानसभा, मौसम और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से बेहद अहम रहने वाला है। एक ओर विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत पूरी तरह डिजिटल व्यवस्था के साथ होगी, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की जाएगी। दूसरी ओर OBC महासभा आरक्षण की मांग को लेकर विधानसभा घेराव करेगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के 47 जिलों में गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

पूरी तरह डिजिटल होगा विधानसभा का मानसून सत्र

मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का पहला दिन इस बार कई मायनों में खास रहेगा। पहली बार पूरा सत्र डिजिटल प्रणाली के तहत संचालित किया जाएगा। सरकार सदन में दो महत्वपूर्ण अध्यादेश पेश करेगी, जिनमें मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज (संशोधन) अध्यादेश-2026 तथा मध्यप्रदेश उपकर (संशोधन) अध्यादेश-2026 शामिल हैं। इसके अलावा दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और 25 याचिकाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। सदन में प्रसिद्ध शायर बशीर बद्र, लोकगायिका तीजन बाई सहित पूर्व विधायकों और पूर्व मंत्री के निधन का उल्लेख भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरे दिन भोपाल में रहेंगे। संभावित कार्यक्रम के अनुसार CM मोहन सुबह 9:55 बजे विधानसभा पहुंचेंगे। सुबह 10 बजे कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद सुबह 11 बजे विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद रहेंगे। फिर दोपहर 1:30 बजे जनप्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों से मुलाकात करेंगे। जिसके बाद  दोपहर 2 बजे गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे। वहीं शाम 7 बजे मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे।

BJP विधायक दल की बैठक में बन सकती है बड़ी रणनीति

मुख्यमंत्री निवास पर शाम 7 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सहित संगठन और सरकार के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष के संभावित हमलों का जवाब देने की रणनीति और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

OBC महासभा करेगी विधानसभा घेराव

OBC आरक्षण के मुद्दे पर आज भोपाल में बड़ा प्रदर्शन प्रस्तावित है। OBC महासभा ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। संगठन की प्रमुख मांग 13 प्रतिशत होल्ड पदों को बहाल करने की है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा और वरिष्ठ नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

BJP युवा मोर्चा के 15 जिला अध्यक्ष घोषित

भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश के 15 जिलों में नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की है। ग्वालियर नगर से शिवम राजावत और जबलपुर ग्रामीण से पंकज तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कई जिलों में जिला महामंत्रियों की भी नियुक्ति की गई है।

47 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। आज दमोह, मंडला और डिंडौरी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, शहडोल, सतना सहित 47 जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन और आगर-मालवा में बादल छाए रहने की संभावना है, हालांकि इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

भोपाल में ई-बस सेवा की तैयारी तेज

भोपाल में आज से ई-बसों का ट्रायल रन शुरू होगा। बैरागढ़ डिपो से तीन रूटों पर पांच इलेक्ट्रिक बसों का परीक्षण किया जाएगा। यह ट्रायल पांच दिनों तक चलेगा। इस दौरान यात्रियों को यात्रा की अनुमति नहीं होगी। ट्रायल में चार्जिंग सिस्टम, तकनीकी व्यवस्थाओं और रूट संचालन का परीक्षण किया जाएगा। सफल परीक्षण के बाद जल्द ही आम यात्रियों के लिए ई-बस सेवा शुरू की जाएगी।

बैरसिया में दर्दनाक सड़क हादसा

भोपाल के बैरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम लालरिया में दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों बहनें दुकान पर चॉकलेट लेने गई थीं। बड़ी बहन सड़क पार कर गई, जबकि छोटी बच्ची सड़क किनारे बैठी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे कुचल दिया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


संबंधित समाचार