होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

MP Board Result 2026: अनूपपुर और पन्ना की बेटियों ने रचा इतिहास, टूटा 16 साल का रिकॉर्ड

MP Board Result 2026: अनूपपुर और पन्ना की बेटियों ने रचा इतिहास, टूटा 16 साल का रिकॉर्ड

MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम आज घोषित कर दिए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्रों को संबोधित करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल अंक नहीं, बल्कि बच्चों के पूरे साल की कड़ी मेहनत का परिणाम है। इस साल के नतीजों ने पिछले 16 वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

अब 'नंबर' कम आए तो डरना कैसा?

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP) के फायदों पर जोर देते हुए कहा कि अब बच्चों का साल खराब नहीं होगा। सीएम ने कहा, "हमारे समय में एक ही परीक्षा होती थी, लेकिन अब साल में दो परीक्षाएं होती हैं। अगर किसी बच्चे के नंबर कम आते हैं, तो वह अगले महीने होने वाली दूसरी परीक्षा में दोबारा बैठकर अपना स्कोर सुधार सकता है।"

पन्ना की बिटिया ने किया कमाल: 500 में से 499 अंक इस साल के नतीजों में बेटियों ने एक बार फिर बेटों को पीछे छोड़ दिया है।

10वीं की टॉपर: पन्ना जिले की छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 500 में से 499 अंक हासिल कर एक मिसाल पेश की है।

12वीं कॉमर्स: कॉमर्स ग्रुप में राजधानी भोपाल की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से टॉप किया है। दोनों छात्राओं ने 500 में से 494 अंक अर्जित किए हैं।

अनूपपुर और अलीराजपुर का दबदबा

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों की सफलता पर खुशी जाहिर की। 92.14% के साथ अनूपपुर जिला प्रदेश में टॉप पर रहा है, जबकि अलीराजपुर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। सीएम ने कहा कि जनजातीय अंचल के बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधनों की मोहताज नहीं होती।

सरकारी स्कूलों का 'उत्कृष्ट' प्रदर्शन

शिक्षा व्यवस्था में आए सुधारों का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि इस बार शासकीय स्कूलों ने प्राइवेट स्कूलों को पछाड़ दिया है। 12वीं का कुल परिणाम 76.01% रहा है, जो पिछले 16 साल में सर्वश्रेष्ठ है। साथ ही, उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि नकल प्रकरणों में भी इस साल भारी कमी आई है, जिससे परीक्षाओं की शुचिता बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने अंत में सभी सफल छात्रों और विशेषकर बेटियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश हर साल अपने ही रिकॉर्ड तोड़कर शिक्षा के क्षेत्र में नए वातावरण का निर्माण कर रहा है।


संबंधित समाचार