Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू होने जा रहा है। रायपुर में हीटवेव अलर्ट, 15 अप्रैल को कैबिनेट बैठक, बस्तर विकास पर बड़े फैसले और समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा जैसी बड़ी खबरें।
जनगणना 2027: छत्तीसगढ़ में पहला चरण शुरू
छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत 1 मई से होने जा रही है। इस दौरान हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस का कार्य किया जाएगा, जो 30 मई 2026 तक चलेगा। इस अभियान के तहत हर मकान चाहे आवासीय हो या गैर-आवासीय का पूरा विवरण जुटाया जाएगा। कच्चा, पक्का और अर्ध-पक्का मकानों का वर्गीकरण, बिजली, पानी, शौचालय और गैस जैसी सुविधाओं का डेटा इंटरनेट और संचार सेवाओं की जानकारी भी दर्ज होगी। परिवारों की संख्या और आवासीय स्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। सरकार द्वारा स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी शुरू की जा रही है ताकि आम जनता सीधे अपनी जानकारी दर्ज कर सके।
रायपुर में आज जनगणना को लेकर प्रेसवार्ता
जनगणना को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए आज दोपहर 12 बजे रायपुर के पुराने सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। इसमें अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और निदेशक कार्तिकेय गोयल मीडिया को विस्तृत जानकारी देंगे।
15 अप्रैल को होगी साय कैबिनेट की अहम बैठक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 15 अप्रैल को कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। बैठक में बस्तर के विकास को लेकर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।मुख्य मुद्दे बस्तर रोड मैप 2.0 रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, औद्योगिक निवेश को बढ़ावा केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों के लिए खाद-बीज उपलब्धता शामिल है।
जलियांवाला बाग के शहीदों को श्रद्धांजलि
आज जलियांवाला बाग हत्याकांड के शहीदों को याद किया जाएगा। रायपुर में कांग्रेस द्वारा सुबह 11 बजे: गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन और 11:30 बजे राजीव भवन शंकर नगर सहित दो स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, इस दौरान महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
CM साय का व्यस्त दौरा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर और सुकमा में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। मुख्य कार्यक्रम अटल आरोग्य लैब का उद्घाटन, VR Lab और STEM Lab की शुरुआत, नालंदा परिसर का भूमिपूजन, इमली प्रोसेसिंग यूनिट का शुभारंभ साथ ही “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान” की शुरुआत होगी, इसके अलावा वे शाम को IIIT नवा रायपुर में “My Bharat Budget Quest 2026” और एक ऑटोमोबाइल लॉन्च इवेंट में भी शामिल होंगे।
रायपुर में हीटवेव का अलर्ट
राजधानी रायपुर में गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। तापमान 41°C तक पहुंच गया है और मौसम विभाग ने हीटवेव की चेतावनी जारी की है।
अगले कुछ दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, साथ ही लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
समर स्पेशल ट्रेनों की सौगात
गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 23 समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। कुल 86 फेरे लगाए जाएँगे। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग से संचालन हरिद्वार, हावड़ा, तिरुपति, पटना से सीधा कनेक्शन रहेगा। जो अप्रैल से जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों में संचालन की जाएगी। इससे यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट और भीड़ से राहत मिलेगी।