Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में रविवार का दिन कई अहम गतिविधियों और कार्यक्रमों के नाम रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं रायपुर में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें करीब 10 हजार कांवड़ियों के शामिल होने की संभावना है। दूसरी ओर LPG उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तारीख भी आज है। इसके अलावा रक्षाबंधन को देखते हुए रविवार को भी रायपुर संभाग के कई डाकघरों में विशेष काउंटर खुले रहेंगे।
मुख्यमंत्री साय आज कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9:40 बजे भिलाई के जयंती स्टेडियम पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:50 बजे गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगल भवन पहुंचकर कांवड़ यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12:05 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचेंगे, जहां वे “SAMVAD 2026” कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह आयोजन Chhattisgarh Solar Welfare Association की ओर से किया जा रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम से पहले संत धरमदास संग्रहालय सभागार पहुंचेंगे, जहां पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम करीब 4:05 बजे वे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
रायपुर में आज निकलेगी विराट कांवड़ यात्रा
रायपुर में रविवार को भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा में करीब 10 हजार कांवड़ियों के शामिल होने की बात कही गई है। यात्रा से पहले सुबह 8 बजे मारुति मंगल भवन में पूजा-अर्चना होगी और सुबह 9 बजे यहीं से कांवड़ यात्रा रवाना होगी। कांवड़ यात्रा गुढ़ियारी से शुरू होकर महादेव घाट तक जाएगी। यात्रा में छत्तीसगढ़ के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र और ओडिशा से पहुंचे कांवड़ियों के दल भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के भी यात्रा में शामिल होने की जानकारी है।
LPG E-KYC के लिए आज आखिरी मौका
LPG उपभोक्ताओं के लिए आज महत्वपूर्ण दिन है। गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख आज है। बताया गया है कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को भविष्य में गैस सिलेंडर की डिलीवरी से संबंधित परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में LPG उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
‘बने खाओ-बने रहिबो 2.0’ अभियान का आज समापन
छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग का ‘बने खाओ-बने रहिबो 2.0’ अभियान भी रविवार को समाप्त हो जाएगा। अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।जांच के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट या नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, खैरागढ़ सहित कई जिलों में खाद्य विभाग की टीमों ने कार्रवाई की है।
राखी की डाक के लिए रविवार को भी खुले रहेंगे विशेष काउंटर
रक्षाबंधन के मद्देनजर डाक विभाग ने रविवार को विशेष व्यवस्था की है। रायपुर संभाग के विभागीय डाकघरों में 23 अगस्त को आम लोगों के लिए काउंटर खुले रहेंगे। इन विशेष काउंटरों के जरिए लोग राखियों की बुकिंग और उन्हें भेजने की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। प्रधान डाकघर, मुख्य डाकघर और उप डाकघरों में निर्धारित व्यवस्था के तहत सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा रायपुर प्रधान डाकघर में रविवार को कार्यालयीन समय के दौरान आधार पंजीयन और आधार अपडेट की सुविधा भी जारी रहेगी। डाक विभाग ने लोगों से अपने नजदीकी विभागीय डाकघर पहुंचकर इन सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत कल सम्मान समारोह
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत सम्मान समारोह का आयोजन सोमवार को किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। योजना के तहत सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। इसके माध्यम से निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक श्रेष्ठ आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। बच्चों की शिक्षा से संबंधित पूरा खर्च श्रम विभाग द्वारा वहन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ से हज यात्रा के लिए 82 और आवेदकों का चयन
छत्तीसगढ़ से हज यात्रा के लिए आवेदन करने वाले प्रतीक्षा सूची के 82 आवेदकों का चयन किया गया है। राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्जा एजाज बेग के अनुसार हज कमेटी ऑफ इंडिया से मिली जानकारी के आधार पर प्रतीक्षा सूची में क्रमांक 1 से 82 तक के आवेदकों को यात्रा के लिए चयनित किया गया है। चयनित हज यात्रियों को पहली किस्त के रूप में प्रति हाजी 1 लाख 52 हजार 300 रुपये जमा करने होंगे। यह राशि 30 अगस्त 2026 तक जमा करनी होगी।