होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Himachal Rain Alert: बारिश, भूस्खलन और बाढ़ से 66 की मौत, राहत अभियान जारी

Himachal Rain Alert: बारिश, भूस्खलन और बाढ़ से 66 की मौत, राहत अभियान जारी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार कहर बरपा रहा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। अब तक इन प्राकृतिक आपदाओं में 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक प्रमुख सड़कें बंद होने से कई क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं।

28 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश में 28 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने फिलहाल येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 23 जुलाई को किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 24 से 26 जुलाई के बीच चंबा, कांगड़ा, शिमला, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और ऊना में भारी वर्षा के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

कांगड़ा में बादल फटने से भारी तबाही

कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल की बोह घाटी में बादल फटने से कई गांवों में भारी नुकसान हुआ है। मलबे और तेज बहाव के कारण लोगों के घर, खेत और सड़कें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मक्के की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। कई संपर्क मार्ग और छोटी पुलियां बह गई हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है।

कई गांवों का संपर्क टूटा

गढ़घूं क्षेत्र में दोबारा हुए भूस्खलन ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। नियांगल पंचायत के मियोली गांव में नाले का बहाव बदलने से करीब 15 मकान खतरे की जद में आ गए हैं। चार परिवारों के घरों के आंगन तक बह चुके हैं और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

राहत और बचाव अभियान जारी

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। बोह स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में राहत शिविर बनाया गया है, जहां 160 प्रभावित लोगों के रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है। प्रदेश के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी प्रभावित परिवारों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और मौसम विभाग ने पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों, नालों और खड्डों के आसपास जाने से बचें। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें। मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर रखें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही पहाड़ी मार्गों पर सफर करें।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और स्थानीय राहत दल पूरी तरह अलर्ट हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।


संबंधित समाचार