नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन और बढ़ी हुई सुरक्षा व्यवस्था का असर आम लोगों की आवाजाही पर साफ दिखाई दे रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों को न तो प्रवेश मिलेगा और न ही वे बाहर निकल सकेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, जिससे अन्य मेट्रो लाइनों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलेगी।
इन 16 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद
DMRC के अनुसार कई स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही फिलहाल प्रतिबंधित रहेगी, जारी आदेश के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम सहित इन स्टेशनों से ट्रेनें गुजरेंगी, लेकिन यात्रियों के चढ़ने और उतरने की अनुमति नहीं होगी।
यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेने की अपील
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने यात्रा मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लें। वैकल्पिक मार्ग अपनाने और आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर आगे की व्यवस्था तय की जाएगी।
बुधवार को भी यात्रियों को हुई थी भारी परेशानी
एक दिन पहले भी सुरक्षा कारणों से कई मेट्रो स्टेशन लंबे समय तक बंद रहे थे। इस वजह से हजारों ऑफिस कर्मचारी, छात्र और अन्य यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि ट्रेनें चल रही थीं, लेकिन बंद स्टेशनों पर नहीं रुक रही थीं। ऐसे में उन्हें अगले स्टेशन पर उतरकर सड़क मार्ग से वापस आना पड़ा। इससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ी। कई जगह बस स्टॉप, ऑटो स्टैंड और कैब सेवाओं पर भी भीड़ बढ़ गई।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
CJP प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कई संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है और ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि जरूरी होने पर ही यात्रा करें। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए नेविगेशन ऐप का इस्तेमाल करें। प्रभावित मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्ता अपनाएं।
क्या है पूरा मामला?
राजधानी दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने संसद और जंतर-मंतर सहित कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। इसी के मद्देनजर DMRC ने एहतियातन कुछ मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रखने का फैसला लिया है। हालात की लगातार समीक्षा की जा रही है और सुरक्षा स्थिति सामान्य होने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।