NTA Exam 2026: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी NTA की परीक्षा व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने NTA की परीक्षा प्रणाली को लेकर फॉलो-अप बैठक की। बैठक में परीक्षाओं के संचालन से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और परीक्षा प्रक्रिया को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों और पूरी परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही या खामी की गुंजाइश कम करने के लिए संस्थागत स्तर पर बदलाव करने पर जोर दिया गया।
NTA की परीक्षा टीम में बड़ा बदलाव
NTA की परीक्षा टीम में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। करीब 600 विशेषज्ञों को टीम से हटाकर नए विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में नई विशेषज्ञता लाने और व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाना बताया गया है। नई टीम के साथ परीक्षा संचालन और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा से जुड़े प्रोटोकॉल को भी मजबूत करने की तैयारी है।
चार स्तर पर होगी प्रश्नपत्रों की जांच
परीक्षा व्यवस्था में सबसे अहम बदलाव प्रश्नपत्रों की जांच को लेकर किया जा रहा है। अब प्रश्नपत्रों की चार स्तर की चेकिंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। इस बहु-स्तरीय जांच का मकसद प्रश्नपत्रों में किसी भी तरह की त्रुटि या सुरक्षा संबंधी समस्या की संभावना को कम करना है। इससे परीक्षा से पहले प्रश्नपत्रों की समीक्षा और सत्यापन की प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक सख्त हो सकती है।
NTA में 20-25 नए अधिकारियों की होगी नियुक्ति
NTA की प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने के लिए भी नई नियुक्तियां की जाएंगी। जानकारी के अनुसार, अगले 2 से 3 सप्ताह में NTA में करीब 20 से 25 नए अधिकारियों की नियुक्ति किए जाने की योजना है।