बिलासपुर स्थित सेंट्रल जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा एक कैदी अचानक आत्मघाती कदम उठाते हुए जेल परिसर में ही गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, कैदी ने हंसिया से अपना गला काटने की कोशिश की, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना की भनक लगते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल कैदी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। बताया जा रहा है कि कैदी विकास कश्यप पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही दादी की हत्या का दोषी है और इसी मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।
जेल सुरक्षा पर सवाल, जांच में जुटी पुलिस
यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कड़ी सुरक्षा के बावजूद कैदी के पास हंसिया जैसी धारदार वस्तु कैसे पहुंची।
बलौदाबाजार में पुलिया से लटकता मिला युवक का शव
दूसरी ओर, बलौदाबाजार जिला के गिद्धपुरी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पुलिया से लटका मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। यह घटना जुनवानी से चिखली जाने वाले मार्ग पर स्थित पुलिया की बताई जा रही है। बताया गया कि युवक ने गमछे के सहारे पुलिया की रेलिंग से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना 12 फरवरी की रात की बताई जा रही है। सुबह राहगीरों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
सोशल मीडिया से हुई पहचान, कारण अब भी स्पष्ट नहीं
शुरुआत में युवक की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद उसकी पहचान टिकेश्वर उर्फ गोलू कुमार टंडन (30 वर्ष), पिता देहरू टंडन, निवासी ग्राम धराशिव, थाना लवन के रूप में की गई। गिद्धपुरी थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।