हरिओम खरे, खजुराहो : खजुराहो में बीते मंगलवार को दोपहर करीब 2 बजे एक होटल-रेस्टोरेंट के कमरे से युवक और युवती के मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों और छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर मुस्लिम युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
छेड़छाड़ का मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय युवती के बयान के आधार पर युवक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (छेड़छाड़) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही शांति भंग की आशंका को देखते हुए धारा 151 के तहत भी कार्रवाई की गई है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।
होटल में की तोड़फोड़
घटना के दौरान कुछ लोगों द्वारा हंगामा किए जाने और होटल परिसर में तोड़फोड़ की सूचना भी सामने आई है। युवक के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत कराया। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मामले में कानून को अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें।