जावेद खान, ग्वालियर : प्रदेश में वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्वालियर जिले के ग्रामीण क्षेत्र ग्राम कुलैथ में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में पहला विशाल किसान सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम दोपहर में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना है।
नरेंद्र सिंह तोमर भी रहेंगे मौजूद
सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अतिथि भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री कुलैथ पहुंचने के बाद रोड शो के माध्यम से किसानों का अभिवादन करेंगे और इसके बाद सम्मेलन स्थल पर लगाई गई कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
उन्नत कृषि तकनीक पर प्रदर्शनी
किसान सम्मेलन परिसर में उन्नत कृषि तकनीक पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें उद्यानिकी, प्राकृतिक खेती, पशु नस्ल सुधार और आधुनिक कृषि उपकरणों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा और उपस्थित किसानों पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया जाएगा।
88 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर लगभग 88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 41 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 66 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत के कार्यों का लोकार्पण और 20 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत किसानों को हितलाभ भी वितरित किए जाएंगे।
होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का भी अवलोकन किया जाएगा। इसके अलावा कन्हैया लोकगीतों की प्रस्तुति भी कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग देगी। कुल मिलाकर किसान कल्याण वर्ष के पहले सम्मेलन के जरिए सरकार किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने का संदेश देगी।