श्रेयांश सिंह // खैरागढ़। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सीमा से लगे दूरस्थ वनांचल क्षेत्र लछना-कटेंमा में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नए कामों को मंजूरी मिली है। ग्राम पंचायत लछना और उसके आश्रित क्षेत्रों में सीसी सड़क निर्माण के लिए कुल 20 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं, आश्रित ग्राम कटेंमा में पहली बार बिजली पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
दो गांवों में सीसी सड़क के लिए 10-10 लाख रुपए
मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के माध्यम से ग्राम पंचायत लछना में सीसी सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपए और ग्राम बोड़ला में सीसी सड़क के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। दोनों कार्यों के लिए कुल 20 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।
बताया गया कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सड़क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग सांसद संतोष पांडेय के समक्ष रखते रहे हैं। सांसद की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के बाद दोनों सड़क कार्यों को स्वीकृति मिली है।
जिला कलेक्टर कार्यालय के आदिवासी विकास विभाग की ओर से दोनों कार्यों के तकनीकी प्राक्कलन और स्थल संबंधी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
कटेंमा में पहली बार पहुंची बिजली
दूरस्थ ग्राम कटेंमा के लिए बिजली पहुंचना भी बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। लछना पंचायत के आश्रित ग्राम कटेंमा में हाल ही में पहली बार विद्युत सुविधा पहुंची है।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और लंबे समय तक नक्सली गतिविधियों से प्रभावित रहे इस इलाके में बिजली पहुंचने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों में राहत मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली के बाद अब सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से गांव का संपर्क भी बेहतर होगा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और परिवहन जैसी सुविधाओं के विस्तार की भी मांग रखी है।
40-50 ग्रामीण पहुंचे खैरागढ़
सड़क और बिजली से जुड़े कार्यों को लेकर करीब 40 से 50 ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता खैरागढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह के कार्यालय में सांसद संतोष पांडेय के प्रति आभार जताया।
इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं और अपनी मांगों से भी अवगत कराया। आभार व्यक्त करने वालों में सुखराम गोंड, भागवत गोंड, अंजोरी गोंड, रामहू गोंड, बृजलाल गोंड, कमलेश गोंड, मोहन टेकाम, परमा धुर्वे, अयोध्या विश्वकर्मा, मायाराम, तेजलाल और छगन सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान सरपंच कमलेश वर्मा भी मौजूद रहे।
सड़क बनने से पंचायत मुख्यालय तक संपर्क होगा बेहतर
लछना और बोड़ला में सीसी सड़क बनने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। खासकर बारिश के मौसम में जब कच्चे रास्तों पर आवाजाही मुश्किल हो जाती है, तब पक्की सड़क से ग्रामीणों को राहत मिल सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ यदि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और परिवहन से जुड़े कार्य भी लगातार आगे बढ़ते हैं, तो दूरस्थ वनांचल के गांवों का आसपास के क्षेत्रों से संपर्क और बेहतर हो सकेगा।