केंद्र शासित प्रदेश दीव में आयोजित द्वितीय खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की मल्लखंभ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ ने कुल 18 पदक अपने नाम किए, जिनमें 6 रजत और 12 कास्य पदक शामिल हैं।
पुरुष और महिला टीम का शानदार प्रदर्शन
मल्लखंभ की पुरुष टीम ने टीम चैंपियनशिप में 121.90 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। वहीं महिला टीम ने 77.60 अंक अर्जित करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इसके अलावा पिरामिड स्पर्धा में भी महिला वर्ग ने कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ के पदक खाते में इजाफा किया।
खिलाड़ियों और अधिकारियों का योगदान
महिला टीम में दुर्गेश्वरी कुमेटी, हिमांशी उसेन्डी, सरिता पोयम, अनिता गोटा, रोशनी धीवर और किरण यादव शामिल रहीं।
पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व राजेश कोर्राम, मानू धुरुव, राजेश सलाम, राकेश वरदा, अतीफ रजा खान और यशपाल बरेठ ने किया।
ये सभी खिलाड़ी बिलासपुर, जांजगीर और नारायणपुर जिलों से हैं।
टीम के साथ अधिकारी वर्ग में प्रेमचंद शुक्ला और डॉ. राजकुमार शर्मा मौजूद रहे।
लगातार दो वर्षों से कायम सफलता
गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों से छत्तीसगढ़ की मल्लखंभ टीम बीच गेम्स में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। इस बार भी टीम ने रजत और कास्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ की खेल परंपरा और श्रेष्ठता को बरकरार रखा है।
मंत्री और पदाधिकारियों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर केंद्रीय शहरी आवास राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के खेल मंत्री अरुण साव, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, खेल संचालक तनुजा सलाम सहित कई जनप्रतिनिधियों और खेल अधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ मल्लखंभ संघ के संरक्षक अनिल टाह, महासचिव डॉ. राजकुमार शर्मा, उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, बिसन कसेर, कोषाध्यक्ष अनिल सिंह सहित अनेक पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी।
छत्तीसगढ़ मल्लखंभ संघ के अध्यक्ष प्रेमचंद शुक्ला ने जानकारी देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है, जो आने वाले समय में राज्य को और भी गौरव दिलाएगी।