Jitendra Yadav Niwari: (हेमन्त गोस्वामी) मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले से सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प पोस्टर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे इस डिजिटल पोस्टर में निवाड़ी के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और पत्रकार जितेंद्र यादव को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। फेसबुक पर 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले जितेंद्र यादव का यह पोस्टर सामने आते ही बुंदेलखंड के इंटरनेट यूजर्स और युवाओं के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
क्या लिखा है वायरल पोस्टर में?
सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर तैर रहे इस पोस्टर का फॉर्मेट हुबहू किसी मुख्यधारा के बड़े राजनीतिक दल की तरह तैयार किया गया है। इस वायरल पोस्टर में लिखा गया है कि कॉकरोच जनता पार्टी से निवाड़ी जिले के लिए जितेन्द्र यादव को जिला अध्यक्ष नामित किया जाता है। पोस्टर में आगे लिखा है कि ईमानदार नेतृत्व, सशक्त निवाड़ी, उज्ज्ज्वल भविष्य। हमारा संकल्प निवाड़ी जिले का समग्र विकास, युवा शक्ति को सम्मान और अवसर पारदर्शी, ईमानदार और जनहितकारी राजनीति और हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। अंत में लिखा है स्वच्छ राजनीति, सच्ची नीयत
TRP बटोर रहा पोस्टर
इंटरनेट पर लोग इस पोस्टर को धड़ाधड़ शेयर कर रहे हैं और कई यूजर्स मजाकिया लहजे में लिख रहे हैं कि अब निवाड़ी की राजनीति में कॉकरोच जनता पार्टी की एंट्री से बड़े-बड़े दिग्गजों के समीकरण बदलने वाले हैं। बहरहाल, राजनीति से दूर यह पोस्टर अब निवाड़ी और टीकमगढ़ अंचल में पूरी तरह टीआरपी बटोर रहा है।
क्या है 'कॉकरोच जनता पार्टी' का सच?
इस पोस्टर को देखकर पहली नजर में जो लोग भ्रमित हो रहे हैं, उनके लिए इस पार्टी का सच जानना बेहद जरूरी है। दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी भारत निर्वाचन आयोग में पंजीकृत चुनावी राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह देश के बेरोजगार युवाओं और इंटरनेट जन-जी का एक बहुत बड़ा डिजिटल आंदोलन है। इस अनोखी डिजिटल पार्टी की शुरुआत 16 मई 2026 को देश में बेरोजगारी, पेपर लीक और व्यवस्था के खिलाफ युवाओं के एक अनोखे विरोध के रूप में हुई है, जो मात्र 3-4 दिनों के अंदर ही देश भर में आग की तरह फैल चुकी है और इसके सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हो चुके हैं।