देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बुधवार (11 नवंबर) सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि वह कुछ मिनट तक बेहोश रहे। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों की मदद से उन्हें घर पहुंचाया गया। शुरुआती जांच और चिकित्सा सहायता के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है।
कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा इलाज
मिली जानकारी के मुताबिक, 75 वर्षीय जगदीप धनखड़ को दिल्ली एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है। यहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सुबह टहलने के दौरान बेहोश होकर गिरने के बाद उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पीसीआर वाहन से घर पहुंचाया था।
इसके बाद इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी शुरुआती जांच की। उन्हें तत्काल जरूरी चिकित्सा सहायता भी दी गई। हालांकि, शुरुआती उपचार के बाद भी स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी रही, जिसके चलते उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया।
स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल जगदीप धनखड़ की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। एम्स प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
बता दें कि जगदीप धनखड़ अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने थे। उन्होंने जुलाई 2025 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने की इस घटना के बाद उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।