होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बेपटरी, इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतरे; कई यात्रियों के घायल होने की आशंका

असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बेपटरी, इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतरे; कई यात्रियों के घायल होने की आशंका

Assam Train Accident 2026: असम में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया। गुवाहाटी के बाहरी क्षेत्र में दिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। हादसे के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई यात्रियों के घायल होने की आशंका है, हालांकि फिलहाल किसी की मौत की खबर सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

दूसरी ट्रेन को रास्ता देते समय हुआ हादसा

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के मुताबिक, यह घटना 11 नवंबर की सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुई। ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए रोका जा रहा था।

इसी दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो सकी और उसका इंजन पांच डिब्बों के साथ पटरी से उतर गया। रेलवे अधिकारियों ने शुरुआती तौर पर लोको पायलट द्वारा ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर पाने की बात कही है। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

मौके पर भेजी गई रिकवरी ट्रेन

हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे ने दुर्घटनास्थल पर राहत और बहाली का काम शुरू कर दिया। बेपटरी हुए इंजन और डिब्बों को हटाने के लिए रिकवरी ट्रेन रवाना की गई है। रेलवे कर्मचारी प्रभावित रेल ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने में जुटे हैं।

वहीं, हादसे के कारण प्रभावित हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को दूसरी ट्रेन के माध्यम से आगे भेजने की तैयारी की गई है।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक (GM) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। अधिकारी राहत कार्यों और रेलवे ट्रैक की बहाली की निगरानी कर रहे हैं।

फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने और रेल परिचालन सामान्य करने की है। हादसे में कितने यात्री घायल हुए हैं और दुर्घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।


संबंधित समाचार