होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका! कैलिफोर्निया से गैंगस्टर हैरी बॉक्सर हिरासत में

अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका! कैलिफोर्निया से गैंगस्टर हैरी बॉक्सर हिरासत में

नई दिल्ली। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने यह कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि अमेरिका की इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) एजेंसी के अधिकारियों ने हैरी बॉक्सर को कैलिफोर्निया से पकड़ा है।

हैरी बॉक्सर पर भारत में हत्या, धमकी और रंगदारी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह अमेरिका में रहकर कथित तौर पर गैंग की गतिविधियों को संचालित कर रहा था। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद भी उसका नाम सामने आया था। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो के जरिए उसने बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकी देने का दावा किया था।

हैरी बॉक्सर से पहले दो गैंगस्टर भी अमेरिकी हिरासत में

अमेरिका में भारतीय गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई थी। इन पर भी भारत में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंग नेटवर्क पर एजेंसियों की निगरानी लगातार बढ़ रही है।

कौन है हैरी बॉक्सर?

हैरी बॉक्सर का वास्तविक नाम हरिचंद जाट बताया जाता है। वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर क्षेत्र का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा सक्रिय सदस्य बताया जाता है। जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी। इसी वजह से उसे हैरी बॉक्सर के नाम से पहचान मिली। अपराध की दुनिया में आने से पहले वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था और बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम कर चुका है।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर कब हुई थी फायरिंग?

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर 1 फरवरी 2026 की देर रात गोलीबारी हुई थी। हमलावरों ने शेट्टी टावर के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के समय रोहित शेट्टी अपने घर में मौजूद थे, हालांकि इस वारदात में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी।

फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में रोहित शेट्टी को पहले चेतावनी दिए जाने की बात भी कही गई थी।

हैरी बॉक्सर की अमेरिकी हिरासत को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क के खिलाफ एक अहम कार्रवाई माना जा रहा है। हालांकि, हिरासत के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया और भारत को संभावित प्रत्यर्पण को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।


संबंधित समाचार