होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

IPL 2026: RCB फैन्स के लिए खुशखबरी, एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे मैच; कर्नाटक सरकार ने दी मंजूरी...

IPL 2026: RCB फैन्स के लिए खुशखबरी, एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे मैच; कर्नाटक सरकार ने दी मंजूरी...

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 को लेकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL मुकाबले आयोजित करने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब IPL 2026 का सीजन ओपनर 28 मार्च को यहीं खेला जाएगा, जिसमें RCB और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने होंगी।

गृह मंत्री जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में हुई बैठक:

सोमवार (16 मार्च) को विधान सौध में आयोजित एक अहम बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने की। इस बैठक में एक्सपर्ट कमेटी के सदस्यों के साथ कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और DNA नेटवर्क्स के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। बैठक के दौरान एक्सपर्ट कमेटी ने स्टेडियम की सुरक्षा, संचालन और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया गया कि स्टेडियम सभी जरूरी मानकों पर खरा उतरता है। समीक्षा के बाद गृह मंत्री ने IPL मैचों के आयोजन को हरी झंडी दे दी।

KSCA ने जताया सरकार का आभार:

मंजूरी मिलने के बाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) ने गृह मंत्री जी. परमेश्वर का आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन ने एक्सपर्ट कमेटी के चेयरमैन जी. एम. महेश्वर राव और सदस्य सचिव श्रीमंत कुमार सिंह की भी सराहना की, जिन्होंने सुरक्षा और संचालन व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया। KSCA ने यह भी बताया कि इस प्रक्रिया में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार का भी अहम योगदान रहा, जिन्होंने पहले ही कैबिनेट स्तर पर इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दी थी।

वेंकटेश प्रसाद के नेतृत्व में पूरी हुई तैयारी:

KSCA के मुताबिक पूर्व भारतीय क्रिकेटर वेंकटेश प्रसाद के नेतृत्व में एसोसिएशन ने राज्य सरकार और एक्सपर्ट कमेटी के साथ मिलकर स्टेडियम की सभी तैयारियों की समीक्षा की। सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और संचालन से जुड़े सभी मानकों को पूरा करने के बाद ही चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL मैच आयोजित करने की अनुमति दी गई।

RCB खेलेगी 5 घरेलू मैच चिन्नास्वामी में:

IPL 2026 के शेड्यूल के अनुसार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने कुल पांच घरेलू मुकाबले एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। इसके अलावा दो घरेलू मैच छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।

5 अप्रैल को होगा हाईवोल्टेज मुकाबला:

चिन्नास्वामी स्टेडियम में 5 अप्रैल को RCB और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस के लिए यह मैच खास होने वाला है क्योंकि दोनों टीमों के बीच मुकाबले को IPL के सबसे रोमांचक मैचों में गिना जाता है।


संबंधित समाचार