होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

जिला संवाद: डॉ. रमन सिंह ने विकास कार्यों की गिनाईं उपलब्धियां, बोले- 'राजनांदगांव ने दी नई राजनीतिक पहचान'

जिला संवाद: डॉ. रमन सिंह ने विकास कार्यों की गिनाईं उपलब्धियां, बोले- 'राजनांदगांव ने दी नई राजनीतिक पहचान'

राजनांदगांव। आईएनएच 24 -हरिभूमि  की ओर से आयोजित जिला संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और विकास संबंधी मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव उनकी राजनीतिक यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव रहा है और इसी जिले ने उन्हें राजनीति में नया जीवन दिया। डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जिला संवाद जैसे आयोजन जनप्रतिनिधियों के लिए किसी छमाही परीक्षा से कम नहीं हैं। ऐसे मंचों पर जनता की समस्याएं सामने आती हैं और जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यों का जवाब देने का अवसर मिलता है।

राजनांदगांव ने दी नई राजनीतिक पहचान

प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी के सवालों का जवाब देते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उनका जन्म रामपुर में हुआ और राजनीतिक जीवन की शुरुआत कवर्धा से हुई, जहां वे दो बार विधायक चुने गए। लेकिन एक चुनाव हारने के बाद राजनांदगांव की जनता ने उन्हें नया अवसर दिया। उन्होंने कहा कि इसी जिले से वे सांसद बने, केंद्रीय मंत्री बने, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने और तीन बार मुख्यमंत्री बनने का अवसर भी मिला। इसलिए राजनांदगांव उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि राजनीतिक पुनर्जन्म की भूमि है।

2028 को लेकर क्या बोले डॉ. रमन सिंह

भविष्य की राजनीति और वर्ष 2028 के लक्ष्य पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका सबसे बड़ा लक्ष्य संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों में भाजपा को लगातार चौथी बार सत्ता तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से काम करना है।

राजनांदगांव के विकास पर गिनाईं उपलब्धियां

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिले की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वर्षों पहले विकास की स्पष्ट कार्ययोजना बनाई गई थी, जिसका परिणाम आज दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम तैयार हुआ। एजुकेशन हब विकसित किया गया। क्रिकेट अकादमी और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाएं विकसित हुईं। कई आधारभूत परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है।

तीन बड़े प्रोजेक्ट पर चल रहा काम

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के लिए तीन बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट प्राथमिकता में हैं। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया (GAIL) के सहयोग से यूरिया प्लांट स्थापित करने की योजना और स्टील सेक्टर में बड़े निवेश को आकर्षित करने की कोशिश  शामिल हैं। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और जिले की औद्योगिक पहचान मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तारीफ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व पर बोलते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उनके चयन से बेहतर फैसला भाजपा नहीं कर सकती थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय ने किसानों से ₹3100 प्रति क्विंटल धान खरीदी, दो वर्षों का बकाया बोनस देने और महतारी वंदन योजना लागू करने जैसे बड़े फैसले लिए। इसके साथ ही प्रदेशभर में सड़क और आधारभूत संरचना के विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

जिला संवाद में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

 राजनांदगांव के एबीस ग्रीन होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडेय, विधायक भोलाराम साहू, विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, चिकित्सक और व्यापारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच प्रमुख हस्तियों का सम्मान भी किया गया।जिला संवाद कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने जहां अपनी राजनीतिक यात्रा के अहम पड़ाव साझा किए, वहीं राजनांदगांव के विकास, औद्योगिक निवेश, आगामी राजनीतिक रणनीति और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच संवाद लोकतंत्र को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
 


संबंधित समाचार