Holi Alert in Bhopal : होली के त्यौहार को लेकर भोपाल पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया और डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतें।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि होली से जुड़े किसी भी आपत्तिजनक, भ्रामक या एडिटेड फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड करना अपराध की श्रेणी में आएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से कहा गया है कि वे जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करें, न तो कोई आपत्तिजनक पोस्ट बनाएं और न ही उसे साझा करें।
फर्जी ऑफर और लिंक से रहें सावधान
होली के अवसर पर साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए पुलिस ने फर्जी होली ऑफर और गिफ्ट लिंक से बचने की सलाह दी है। अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी संदिग्ध वेबसाइट से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
रखे ये सावधानियां
डिजिटल पेमेंट के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। UPI या QR कोड केवल विश्वसनीय से ही स्कैन करें। साथ ही, OTP, PIN और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। भोपाल पुलिस ने कहा है कि त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह की अफवाह या साइबर ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।