सादिक अली, पचमढ़ी : मध्यप्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी के छावनी इलाके में सोमवार सुबह एक बड़े हादसे की खबर सामने आई। मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस से जुड़े ठेकेदार के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए सेना और प्रशासन को लंबे समय तक जूझना पड़ा।
सुबह तड़के उठीं आग की लपटें
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 5:30 बजे गोदाम से धुआं और तेज लपटें उठती देखी गईं। मौके पर मौजूद जवानों और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी। गोदाम में बड़ी मात्रा में लकड़ी और निर्माण सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरा ढांचा इसकी चपेट में आ गया।
सेना ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पचमढ़ी स्थित सेना के जवान तत्काल मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जवानों ने मानव श्रृंखला बनाकर टैंकरों और बाल्टियों के जरिए लगातार पानी पहुंचाया। राहत और बचाव कार्य में सेना की तत्परता और समन्वय ने स्थिति को और बिगड़ने से रोका।
फायर ब्रिगेड और प्रशासन की सक्रियता
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार आग पर पानी की बौछार करती रहीं। आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से गोदाम के एक हिस्से को तोड़ा गया, ताकि एक अस्थायी फायर ब्रेक तैयार किया जा सके। मौके पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहे तथा पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी।
जनहानि नहीं, भारी नुकसान!
इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। गोदाम परिसर में मौजूद मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। हालांकि प्रारंभिक आकलन के अनुसार गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।