Mohan Cabinet Decision : मध्यप्रदेश में पहली बार जनजातीय बहुल बड़वानी जिले में सोमवार, 2 मार्च को राज्य की कृषि कैबिनेट का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने की। इस विशेष बैठक में खेती, सिंचाई, प्राकृतिक कृषि, फूड प्रोसेसिंग और मछुआरों के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
किसान कल्याण के लिए 37,746 करोड़ स्वीकृत
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत वर्ष 2031 तक के लिए कुल 37,746 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। सरकार का उद्देश्य कृषि को उद्योगों से जोड़कर किसानों की आय में वृद्धि करना और खेती से आगे बढ़कर आधुनिक कृषि मॉडल को बढ़ावा देना है।
भीलट देव बनेगा पर्यटन केंद्र
बैठक में भीलट देव को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई। बड़वानी जिले में 30,800 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में केला और मिर्च का उत्पादन हो रहा है, जिसे देखते हुए यहां फूड प्रोसेसिंग उद्योग की व्यापक संभावनाओं पर बल दिया गया। साथ ही, जिले में आधुनिक सब्जी मंडी स्थापित करने का निर्णय लिया गया, जिससे उद्यानिकी फसलों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
सिंचाई परियोजना से किसानों को लाभ
पाटी उद्वहन सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के अंतर्गत 5,940 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की जाएगी। इससे लगभग 7,986 किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि इस पहल से किसान आत्मनिर्भर बनेंगे।
खेतिया मंड़ी को सौगात
खेतिया कृषि उपज मंडी को आदर्श कृषि उप मंडी के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिससे कपास और मक्का उत्पादक किसानों को विशेष लाभ मिलेगा।
प्राकृतिक खेती और बीज उत्पादन को बढ़ावा
बड़वानी के 25 किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए मास्टर ट्रेनर के रूप में तैयार किया जाएगा। इन्हें उन्नत प्रशिक्षण के लिए बाहर भेजा जाएगा। इसके अलावा, बीज निगम के बजट्टा खुर्द स्थित 50 एकड़ प्रक्षेत्र को आदर्श बीज उत्पादन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां उच्च गुणवत्ता वाली नई किस्मों के बीज तैयार किए जाएंगे।
मत्स्य और आजीविका संवर्धन की नई पहल
नर्मदा सरोवर जलाशय से प्रभावित मछुआरा समुदाय के लिए एकीकृत मत्स्य उत्पादन नीति 2026 लागू करने की घोषणा की गई। इसके तहत 5,000 केजों के माध्यम से आधुनिक एक्वापोनिक्स और हाइड्रोपोनिक्स आधारित इंटीग्रेटेड फिश फार्मिंग, पोल्ट्री, बागवानी और ईको-टूरिज्म गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
भगोरिया उत्सव के बीच पूजा-अर्चना
कृषि कैबिनेट की बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने नागलवाड़ी में जनजातीय लोक उत्सव भगोरिया के अवसर पर लोकदेवता भीलट देव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।