राजेश सोनी, डबरा: शहर में बैसाखी पर्व और खालसा दिवस को लेकर विशेष धार्मिक तैयारियां गुरुद्वारा कमेटी प्रबंधन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव जी (स्टेशन रोड) में गुरमत समागम और अमृत संचार का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में दूर-दराज से संगत के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के तहत अखंड पाठ साहिब, कीर्तन दरबार और अमृत संचार जैसे पवित्र आयोजन संपन्न होंगे, जिनमें सिख धर्म की परंपराओं और गुरु महिमा का विस्तार से बखान किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और संगत से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
होगा अखंड पाठ
वहीं पर गुरु नानक गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार कुलदीप सिंह ने बताया है कि 12 अप्रैल रविवार प्रातः 9 बजे से श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ किया गया, जिसका समापन 14 अप्रैल मंगलवार को सुबह 10 बजे भोग के साथ होगा। इसके उपरांत सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक भव्य कीर्तन दरबार सजाया जाएगा, जिसमें हजूरी रागी जत्था द्वारा गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा।
आएंगे हेड ग्रंथी एवं कथावाचक
इस अवसर पर दिल्ली के गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से पधारे हेड ग्रंथी एवं कथावाचक ज्ञानी अंग्रेज सिंह विशेष रूप से हाजिरी भरेंगे और संगत को गुरु की महिमा का बखान करेंगे। इसके साथ ही अमृत संचार का आयोजन भी किया जाएगा। जो भी संगत अमृत की दात प्राप्त करना चाहती है, उन्हें 14 अप्रैल को सुबह 7 बजे गुरुद्वारा साहिब पहुंचने की अपील की गई है।
गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा बताया गया है कि पंज ककार गुरुद्वारा साहिब से ही उपलब्ध कराए जाएंगे। पूरे आयोजन के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी चलता रहेगा, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। आयोजन समिति ने संगत से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।