Ganjbasoda News : नटेरन क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सांची की ओर पिकनिक मनाने जा रहे स्कूली बच्चों से भरी बस सगड़ा नदी के जोहद पुल पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार करीब 49 बच्चे और चार शिक्षक इस दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में 7 बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दो दर्जन से अधिक बच्चों को हल्की–फुल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस नदी में बस गिरी, वहां पानी नहीं था, जिससे किसी बड़े जानमाल के नुकसान से बचाव हो सका। घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर बच्चों को बाहर निकाला गया।
सभी घायल बच्चों को गंजबासौदा स्थित शासकीय राजीव गांधी जन चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 7 गंभीर बच्चों को विदिशा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
जानकारी के मुताबिक अशोकनगर जिले के बहादुरपुर हाई सेकेंडरी स्कूल के छात्र औद्योगिक भ्रमण और पिकनिक के लिए सांची जा रहे थे। बस की क्षमता 22 सीटों की थी, लेकिन उसमें करीब 53 लोग सवार थे, जो स्कूल प्रबंधन और परिवहन व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। परिजनों ने भी बस की खराब स्थिति और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की बात कही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अशोकनगर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। जिला शिक्षा अधिकारी ने मीडिया को बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।