होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

गणेश विसर्जन के लिए रायपुर तैयार: शारदा चौक से महादेवघाट तक निकलेगी झांकी, जानें पूरा रूट

गणेश विसर्जन के लिए रायपुर तैयार: शारदा चौक से महादेवघाट तक निकलेगी झांकी, जानें पूरा रूट

रायपुर। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर रायपुर नगर निगम ने प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 25 सितंबर को खारून नदी के किनारे महादेवघाट में बनाए गए विसर्जन कुंड में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय करते हुए जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश जारी किए हैं।

शारदा चौक से शुरू होगी झांकी

इस वर्ष भी गणेश झांकियों की शुरुआत शारदा चौक से होगी। यहां झांकियों को क्रमांक दिया जाएगा। इसके बाद प्रतिमाएं निर्धारित मार्ग से होते हुए महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड तक पहुंचेंगी।

निर्धारित रूट में शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना चौक, लीली चौक, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर और महादेवघाट रिंग रोड चौक शामिल हैं। इसके बाद झांकियां रायपुरा स्थित महादेवघाट के पास बने विसर्जन कुंड तक पहुंचेंगी।

लाखेनगर से महादेवघाट तक वन-वे व्यवस्था

गणेश विसर्जन के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए लाखेनगर चौक से महादेवघाट रिंग रोड तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। निगम और प्रशासन की ओर से लोगों से निर्धारित मार्ग और यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।

1 अक्टूबर तक रहेगी प्रशासनिक व्यवस्था

नगर निगम ने विसर्जन व्यवस्था के लिए 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक जोनवार अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है।

इस व्यवस्था में जोन कमिश्नर, जोन कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उपअभियंता, समयपाल और मजदूरों को जिम्मेदारी दी गई है। विसर्जन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी भी की जाएगी।

नदी में प्रतिमा विसर्जन पर रोक

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रतिमा विसर्जन से पहले पूजन सामग्री को अलग कर निर्धारित स्थान पर रखने की व्यवस्था करने को कहा गया है।

निर्देशों के मुताबिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन खारून नदी में सीधे नहीं किया जाएगा। इसके लिए नदी किनारे बनाए गए विसर्जन कुंड का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि नदी के पानी को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।

ध्वनि प्रदूषण और यातायात पर भी नजर

गणेश उत्सव के दौरान ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए हैं। वहीं सड़क पर यातायात बाधित करने वाले गणेश पंडालों के संबंध में भी संबंधित विभागों को सूचित कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई है।

विसर्जन स्थल पर क्रेन से लेकर चिकित्सा सुविधा तक

महादेवघाट स्थित विसर्जन स्थल पर व्यवस्थाओं के लिए नगर निगम ने अधिकारियों की एक प्रशासनिक समिति गठित की है। अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय को समिति का नोडल अधिकारी बनाया गया है। समिति की जिम्मेदारी विसर्जन स्थल पर क्रेन, शामियाना, प्रकाश व्यवस्था, माइक, गोताखोर और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की होगी। जरूरत के मुताबिक अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

तालाबों में बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन पर रोक

नगर निगम ने तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत शहर के अन्य तालाबों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को रोकने के निर्देश दिए हैं। छोटी प्रतिमाओं के लिए तालाबों के किनारे अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए जाएंगे, ताकि विसर्जन के दौरान जलस्रोतों को नुकसान न पहुंचे।


संबंधित समाचार