रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को सहप्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। नई नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने दोनों नेताओं को बधाई दी है।
CM साय ने स्मृति ईरानी को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रभारी बनाए जाने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का राष्ट्रीय स्तर पर लंबा अनुभव और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती देने में उपयोगी होगी।
सीएम साय ने सिद्धार्थ शंभू को सहप्रभारी बनाए जाने पर भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी से संगठन के कामकाज को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने पार्टी की नई सूची में अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारी संभालने वाले सभी प्रभारियों और सहप्रभारियों को भी बधाई दी।
किरण देव ने भी किया नियुक्तियों का स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार जताया। उन्होंने स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
किरण देव ने कहा कि स्मृति ईरानी के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से प्रदेश भाजपा को मार्गदर्शन मिलेगा। वहीं सिद्धार्थ शंभू की सक्रियता और संगठनात्मक अनुभव से पार्टी के जमीनी कामकाज को और गति मिलने की उम्मीद है।
संगठन और सरकार के बीच समन्वय पर जोर
प्रदेश नेतृत्व की ओर से कहा गया कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा। सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के जरिए पार्टी के कार्यक्रमों और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे ले जाने की बात भी कही गई है।
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद खाली था पद
दरअसल, नितिन नबीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी का पद रिक्त था। अब स्मृति ईरानी को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रदेश भाजपा को नया केंद्रीय संगठनात्मक नेतृत्व मिल गया है। सिद्धार्थ शंभू उनके साथ सहप्रभारी के तौर पर काम करेंगे।