
रायपुर –नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के रूप में नाम तय हो जाने के बावजूद, निगम कार्यालय के बाहर लगे बोर्ड में अब तक पुराने नाम को नहीं बदला गया है। जबकि कांग्रेस ने करीब दो महीने पहले ही आकाश तिवारी को नया नेता प्रतिपक्ष नियुक्त कर दिया था।
कांग्रेस द्वारा जारी हर आधिकारिक सूची में नए निगम नेता प्रतिपक्ष का नाम दर्ज:
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर को इस संबंध में पत्र भेजकर आकाश तिवारी के नाम की आधिकारिक जानकारी दी थी। इतना ही नहीं, स्वयं सभापति ने भी इस नाम की पुष्टि के लिए पीसीसी प्रमुख को पत्र प्रेषित किया था। इसके बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने एक और पत्र जारी कर बदलाव पर स्पष्टता प्रदान की थी। जारी दस्तावेजों में साफ तौर पर आकाश तिवारी को निगम में नेता प्रतिपक्ष के रूप में मान्यता दी गई है। कांग्रेस द्वारा हाल ही में जारी की गई हर आधिकारिक सूची में भी उनका नाम दर्ज है।
बोर्ड पर अब भी संदीप साहू का नाम:
हालांकि, नेता प्रतिपक्ष में हुए बदलाव को लेकर कुछ कांग्रेस पार्षदों की असहमति भी सामने आई थी, लेकिन इन विवादों के बीच इस्तीफे की खबरें आईं और बाद में वो इस्तीफे वापस भी ले लिए गए। इसके बावजूद, नगर निगम कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष के आधिकारिक कक्ष के बाहर लगे नामपट्ट (बोर्ड) में अभी भी पूर्व नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू का नाम ही लिखा है।