रीवा : मध्य प्रदेश सहित देशभर में आज डॉक्टर्स डे मनाया जा रहा है, यह दिन उन सभी चिकित्सकों को समर्पित है जो दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं। डॉक्टर न केवल बीमारियों का इलाज करते हैं, बल्कि मुश्किल समय में लोगों को नई जिंदगी और नई उम्मीद भी देते हैं। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी डॉक्टरों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, सेवा और मानवता के प्रति योगदान की सराहना की।
डॉक्टर समाज के योद्धा
इस खास दिन को लेकर स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि डॉक्टर समाज के ऐसे योद्धा हैं जो हर परिस्थिति में लोगों की जान बचाने का काम करते हैं और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर मानवता की सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण हैं.
सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की कोशिश में
मंत्री जी ने आगे कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सरकार निरंतर प्रयासरत है। डॉक्टर्स डे उन चिकित्सकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर देता है, जो दिन-रात अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अनगिनत लोगों की जान बचाते हैं।
डॉक्टरों के समर्पण को किया गया सम्मानित
बता दें कि डॉक्टर्स डे के अवसर पर रीवा स्थित श्यामशाह चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा सेवा, मानवता और समाज के प्रति डॉक्टरों के समर्पण को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।