57 हजार शिक्षक भर्ती की मांग, 21 को राज्य स्तरीय आंदोलन, निकालेंगे रैली

57 हजार शिक्षक भर्ती की मांग, 21 को राज्य स्तरीय आंदोलन, निकालेंगे रैली

रायपुर: प्रदेशभर के शासकीय स्कूलों में 57हजार शिक्षक पद पर भर्ती की मांग को लेकर आधा दर्जन प्रभावित संगठनों ने राज्य शासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 21 जून को राजधानी में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन कर कटोरा तालाब से मरीन ड्राइव तक रैली निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में प्रशिक्षित बेरोजगार युवा शामिल होकर शासन का ध्यान आकर्षित करने जुटेंगे। छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड, बीएड संघ, प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड कला संकाय संघ, व्यायाम शिक्षक संघ, लाइब्रेरियन संघ, एमए छत्तीसगढ़ी डिग्रीधारी युवा संघ ने आंदोलन का ऐलान किया है।

शिक्षक भर्ती में देरी: 

छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित बीएड-डीएड संघ के प्रदेश अध्यक्ष दाउद खान, सचिव ललित साहू, छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित कला एवं विज्ञान संकाय संघ के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर यादव, व्यायाम शिक्षक संघ के करण साहू, लाइब्रेरियन संघ के धीरज कुमार ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। पदाधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के मुख्य सत्र 2024 में तत्कालीन शिक्षामंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने 16 फरवरी को प्रदेशभर के स्कूलों में 33 हजार शिक्षकों की भर्ती 1 वर्ष के भीतर पूरा करने की घोषणा की थी, पर डेढ़ साल बाद भी इन पदों पर भर्ती के लिए सरकार प्रयास नहीं कर रही है।

बेरोजगारों को नजरअंदाज:

अब मुख्यमंत्री ने 5 हजार पदों पर शिक्षक भर्ती की घोषणा की है, जो कि ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। प्रदेशभर में प्रशिक्षित बीएड-डीएड अभ्यर्थी सहित अन्य प्रशिक्षित अभ्यर्थी बड़ी संख्या में बेरोजगार हैं, उनके हितों को नजरअंदाज कर युक्ति युक्त करण किया जा रहा है। सरकार को युक्ति युक्तकरण के अंतर्गत सेटअप में परिवर्तन नहीं करना चाहिए, जिससे कि आने वाले समय में शिक्षक भर्ती की संभावना बनी रहे।


संबंधित समाचार