नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को आसान बनाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। भागो मोबिलिटी ने होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) और होंडा पावर पैक एनर्जी इंडिया (HEID) के साथ साझेदारी कर ‘भागोमो–आईराइड’ इलेक्ट्रिक राइड सर्विस लॉन्च की है। इस सर्विस की शुरुआत आईटीओ मेट्रो स्टेशन से की गई है। यात्री अब मेट्रो से उतरने के बाद स्टेशन के गेट नंबर 3 से होंडा की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर किराए पर लेकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
ITO मेट्रो स्टेशन से मिलेगी इलेक्ट्रिक स्कूटर सुविधा
भागोमो–आईराइड के तहत यात्रियों को पूरी तरह चार्ज इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी के मुताबिक, वाहनों को कुछ घंटों से लेकर कई दिनों तक के लिए बुक किया जा सकता है। यात्री को वाहन मेट्रो स्टेशन स्थित हब से लेना और उसी हब पर वापस करना होगा। बुकिंग और राइड से जुड़ी पूरी प्रक्रिया भागो ऐप के जरिए संचालित की जाएगी।
डिजिलॉकर से होगा वेरिफिकेशन
कंपनी के अनुसार, यात्रियों का वेरिफिकेशन DigiLocker आधारित सिस्टम से किया जाएगा। इसके जरिए राइडर को भागो ऐप से जोड़ने की प्रक्रिया करीब पांच मिनट में पूरी होने का दावा किया गया है। इससे यात्रियों को लंबे कागजी प्रक्रिया से राहत मिलने की उम्मीद है।
2 मिनट में बैटरी स्वैप, चार्जिंग की नहीं होगी चिंता
इस इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सर्विस की खासियत स्वैपेबल बैटरी है। यानी बैटरी खत्म होने पर वाहन को घंटों चार्ज करने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी के अनुसार, बैटरी को करीब 2 मिनट में स्वैप किया जा सकता है। दिल्ली-NCR में लगभग 90 स्टेशनों पर 202 बैटरी एक्सचेंजर के जरिए बैटरी स्वैपिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशनों पर बनेंगे हब
भागो मोबिलिटी की योजना दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के साथ मिलकर 6 मेट्रो स्टेशनों पर हब संचालित करने की है। इनमें से आईटीओ मेट्रो स्टेशन पर पहला हब शुरू कर दिया गया है। कंपनी का लक्ष्य आगे इस मॉडल को देश के दूसरे प्रमुख मेट्रो नेटवर्क और ट्रांजिट हब तक ले जाना है।
रोजाना ऑफिस जाने वालों से लेकर जरूरतमंद यात्रियों तक को फायदा
भागोमो–आईराइड सर्विस को अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यात्री इसका इस्तेमाल अचानक किसी काम के लिए, रोजाना ऑफिस आने-जाने या कई दिनों तक वाहन की जरूरत होने पर कर सकेंगे। इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी स्वैपिंग की सुविधा के चलते इसे सस्टेनेबल लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के विकल्प के तौर पर पेश किया गया है।
भागो मोबिलिटी ने बताया भविष्य का प्लान
भागो मोबिलिटी के संस्थापक आदित्य गोयल ने कहा कि आईटीओ में शुरुआत कंपनी के लिए पहला कदम है। उनका लक्ष्य मेट्रो-हब मॉडल को देश के अन्य शहरों और प्रमुख ट्रांजिट नेटवर्क तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मेट्रो स्टेशन की सुविधा, होंडा की इलेक्ट्रिक गाड़ियां, बैटरी स्वैपिंग और टेक्नोलॉजी को एक साथ जोड़कर यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक लास्ट-माइल राइड उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
होंडा और DMRC ने भी जताई उम्मीद
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के डायरेक्टर सेल्स एंड मार्केटिंग मत्सुओ उसुई ने कहा कि साझेदारी का उद्देश्य इलेक्ट्रिक लास्ट-माइल मोबिलिटी को रोजाना यात्रा करने वालों के लिए अधिक सुविधाजनक और व्यावहारिक बनाना है।
वहीं, होंडा पावर पैक एनर्जी इंडिया के प्रेसिडेंट एवं सीईओ ताकुया तानीगुची ने कहा कि बैटरी स्वैपिंग पहले से कमर्शियल ईवी फ्लीट्स में उपयोगी साबित हुई है और अब इसी सुविधा को दिल्ली के दैनिक यात्रियों तक पहुंचाया जा रहा है।
DMRC के डायरेक्टर, ऑपरेशंस एंड सर्विसेज डॉ. अमित कुमार जैन ने कहा कि दिल्ली मेट्रो सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके मुताबिक, इस तरह की पहल से यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए सस्टेनेबल विकल्प मिलेगा और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल सकती है।