Datia By-election: दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद बीजेपी के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत में एक चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। एक तरफ जहां दतिया में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी सामूहिक इस्तीफे देकर सड़कों पर उतरे हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दलों ने नरोत्तम मिश्रा पर डोरे डालना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने नरोत्तम मिश्रा को अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने का खुला ऑफर दे दिया है।
मशाल थामने का न्योता
शिवसेना के मध्य प्रदेश राज्य प्रमुख सुनील शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा करते हुए नरोत्तम मिश्रा को यह बड़ा राजनीतिक ऑफर दिया है। शिवसेना की ओर से कहा गया है कि यदि डॉ. मिश्रा तैयार होते हैं, तो पार्टी उन्हें दतिया उपचुनाव के लिए शिवसेना के आधिकारिक चुनाव चिन्ह मशाल पर मैदान में उतारने को पूरी तरह तैयार है। राज्य प्रमुख सुनील शर्मा ने दावा किया कि यदि नरोत्तम मिश्रा यह ऑफर स्वीकार करते हैं, तो उनके समर्थन में चुनाव प्रचार करने के लिए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे सहित पार्टी के सभी राष्ट्रीय नेता खुद मध्य प्रदेश आएंगे।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
इस सनसनीखेज ऑफर को लेकर शिवसेना के राज्य प्रमुख सुनील शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मध्य प्रदेश शिवसेना आईटी सेल के प्रमुख नाहरसिंह सिसोदिया का एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो के जरिए मध्य प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम और दतिया में भाजपा के अंदर मचे घमासान का हवाला देते हुए इस प्रस्ताव की आधिकारिक जानकारी दी गई है।
सियासी गलियारों में चर्चा
बीजेपी के कद्दावर नेता को शिवसेना द्वारा दिए गए इस ऑफर ने मध्य प्रदेश की राजनीति में नया भूचाल ला दिया है। हालांकि, अभी तक इस ऑफर पर नरोत्तम मिश्रा या उनके समर्थकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इस घटनाक्रम ने चुनावी माहौल को और अधिक गरमा दिया है।