राजेश सोनी, डबरा : डबरा के पास बरकारी गांव में HPV (सर्वाइकल कैंसर) वैक्सीनेशन के बाद 6 बच्चियों की तबीयत एक बार फिर बिगड़ने का मामला सामने आया है। पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद सभी बच्चियों को दोबारा डबरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है और ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
10 मार्च को लगा था टीका
जानकारी के अनुसार इन बच्चियों को 10 मार्च को HPV वैक्सीन लगाई गई थी। उस समय भी टीकाकरण के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया था। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन अब दोबारा पेट दर्द और उल्टी की समस्या होने पर परिजन उन्हें फिर अस्पताल लेकर पहुंचे।
कम उम्र में टीकाकरण का आरोप
परिजनों का आरोप है कि आशा कार्यकर्ता पार्वती और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का कहकर घर से उप स्वास्थ्य केंद्र पिछोर ले गई थीं। और परिजनों को जानकारी दिए बिना उनका वैक्सीनेशन कर दिया गया। परिजनों का यह भी कहना है कि वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित उम्र 14 वर्ष से अधिक होती है, जबकि आधार कार्ड के अनुसार इन बच्चियों की उम्र इससे कम है।
स्वास्थ्य विभाग का बयान
मामले में सचिन श्रीवास्तव का बयान भी सामने आया था। उन्होंने प्रारंभिक तौर पर बच्चियों की तबीयत खराब होने की वजह मोमोज और फिंगर फूड खाने को बताया था। तो वहीं डॉ आलोक त्यागी ने कहा कि बच्चियां दोबारा अस्पताल आई हैं और उल्टी तथा पेट दर्द की शिकायत कर रही हैं। उनके ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए लगाया जाता है। बच्चियों की तबीयत बिगड़ने के कारणों की जांच की जा रही है।