होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नवरात्रि से पहले डोंगरगढ़ में कमर्शियल गैस की किल्लत, होटल व्यवसायियों ने दी बंद की चेतावनी, SDM को सौंपा ज्ञापन

नवरात्रि से पहले डोंगरगढ़ में कमर्शियल गैस की किल्लत, होटल व्यवसायियों ने दी बंद की चेतावनी, SDM को सौंपा ज्ञापन

चैत्र नवरात्रि से ठीक पहले धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी कमी सामने आ रही है। पिछले करीब 10 से 12 दिनों से शहर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई लगभग ठप बताई जा रही है। इससे होटल और भोजनालय संचालकों के सामने कामकाज चलाना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई होटल संचालकों ने गैस आपूर्ति जल्द शुरू नहीं होने पर अपने प्रतिष्ठान बंद करने की चेतावनी दे दी है।

गैस सप्लाई बंद होने से बढ़ी व्यवसायियों की परेशानी

होटल और भोजनालय संचालकों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में रसोई का संचालन करना मुश्किल हो गया है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करने पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की चेतावनी दी जाती है, जिससे होटल व्यवसायियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

कांग्रेस नेताओं के साथ एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

समस्या से परेशान होटल व्यवसायी सोमवार को कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो होटल व्यवसाय पूरी तरह ठप हो सकता है।

नवरात्र में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं डोंगरगढ़

डोंगरगढ़ में स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यदि गैस की समस्या बनी रही तो नवरात्र के समय शहर के कई होटल और भोजनालय बंद हो सकते हैं, जिससे श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मंदिर व्यवस्था पर भी पड़ सकता है असर

नवरात्रि के दौरान मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रसाद, भंडारा और अन्य धार्मिक व्यवस्थाओं के लिए बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की जरूरत होती है। ऐसे में शहर में गैस सिलेंडरों की कमी प्रशासन के लिए भी चुनौती बन सकती है।

प्रशासन ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

इस मामले में एसडीएम एम. भार्गव ने कहा कि गैस आपूर्ति की समस्या की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। जल्द ही इसका समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 


संबंधित समाचार