होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छत्तीसगढ़ के 27 हजार बूथों पर BJP की नई तैयारी, किसानों से सीधा संवाद करेंगे ‘किसान मितान’

छत्तीसगढ़ के 27 हजार बूथों पर BJP की नई तैयारी, किसानों से सीधा संवाद करेंगे ‘किसान मितान’

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों के बीच अपनी संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा ने नई रणनीति तैयार की है। अब पार्टी गांव-गांव और बूथ-बूथ तक किसानों से सीधा जुड़ने की तैयारी में है। इसके तहत प्रदेश के सभी 27 हजार बूथों पर ‘किसान मितान’ नियुक्त किए जाएंगे। इनकी जिम्मेदारी किसानों से संपर्क बनाए रखने, उनकी समस्याएं जानने और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने की होगी।

भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस नई पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘किसान मितान’ अभियान के जरिए किसान मोर्चा अपनी पहुंच जमीनी स्तर तक बढ़ाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों और संगठन के बीच लगातार संवाद स्थापित करना है।

किसानों की समस्याएं संगठन तक पहुंचाएंगे किसान मितान

बंशीलाल गुर्जर के मुताबिक, प्रत्येक बूथ पर नियुक्त किसान मितान स्थानीय किसानों के संपर्क में रहेंगे। वे खेती-किसानी से जुड़ी परेशानियों, जरूरतों और मांगों की जानकारी जुटाकर संगठन तक पहुंचाएंगे। इसके अलावा किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे, ताकि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने की रणनीति

भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कई योजनाएं चला रही है। संगठन का प्रयास है कि इन योजनाओं की जानकारी केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद किसानों तक पहुंचे। किसान मितान इस दिशा में अहम भूमिका निभाएंगे।

धान खरीदी व्यवस्था की तारीफ

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बंशीलाल गुर्जर ने छत्तीसगढ़ सरकार की धान खरीदी व्यवस्था की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से अच्छे दाम पर धान खरीद रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा किसान मोर्चा संगठन के विस्तार के साथ किसानों के हितों और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता देकर काम करेगा।

इस नई पहल के जरिए भाजपा का लक्ष्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में किसानों के साथ संगठन का सीधा संपर्क मजबूत करना है। अब देखना होगा कि 27 हजार बूथों पर किसान मितान की नियुक्ति से किसानों को कितना फायदा मिलता है।


संबंधित समाचार