Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज यानी 5 नवंबर को राजनीतिक, शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियां सुर्खियों में रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में भाजपा की प्रदेश स्तरीय किसान मोर्चा कार्यशाला में शामिल होने के साथ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे। इसके अलावा स्वामी आत्मानंद स्कूलों में संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा की आंसर-की जारी होगी और NMMSE छात्रवृत्ति परीक्षा की नई तारीख भी अभ्यर्थियों के लिए अहम रहेगी। आइए जानते हैं छत्तीसगढ़ की आज की 5 प्रमुख खबरें।
रायपुर में आज भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार को भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम नेताजी सुभाष स्टेडियम में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। भाजपा देशभर में इस अभियान के माध्यम से अपनी राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में रायपुर में भी पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह है।
CM विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गुरुवार का दिन कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के नाम रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:40 बजे जशपुर जिले के ग्राम बगिया स्थित अपने निवास से रवाना होंगे। इसके पांच मिनट बाद वे बगिया हेलीपेड पहुंचकर हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12:05 बजे मुख्यमंत्री रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद 12:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रदेश स्तरीय किसान मोर्चा कार्यशाला में भाग लेंगे कार्यशाला समाप्त होने के बाद वे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। दोपहर 2:15 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम के लिए रवाना होकर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4:25 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से भिलाई के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री शाम 6:10 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।
जांजगीर-चांपा पहुंचेंगे पूर्व CM भूपेश बघेल, कई प्रतिमाओं का करेंगे अनावरण
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे अलग-अलग स्थानों पर आयोजित सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। दौरे की शुरुआत पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोसला गांव से होगी। यहां भूपेश बघेल सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वे कुर्मी एकता सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री खरौद गांव पहुंचेंगे, जहां रतनपुरिहा यादव समाज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। वहीं, जांजगीर विधानसभा क्षेत्र के नवागढ़ नगर पंचायत में शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा का अनावरण भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। भूपेश बघेल के दौरे को लेकर जिले के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
आत्मानंद संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा की आंसर-की आज होगी जारी
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 1812 संविदा शिक्षकों की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है। इस भर्ती परीक्षा की प्रारंभिक उत्तर कुंजी (Answer Key) आज 5 नवंबर को जारी की जाएगी। आंसर-की जारी होने के बाद उम्मीदवार अपने उत्तरों का मिलान कर सकेंगे। यदि किसी प्रश्न के उत्तर पर अभ्यर्थियों को आपत्ति है, तो वे 8 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
आंसर-की जारी होने की तारीख: 5 नवंबर 2026
आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख: 8 नवंबर 2026, दोपहर 12 बजे
आपत्ति शुल्क: 100 रुपये प्रति प्रश्न
भर्ती के कुल पद: 1812 संविदा शिक्षक
लोक शिक्षण संचालनालय के मुताबिक, 26 विषयों के संविदा पदों के लिए 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 28,535 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह परीक्षा में कुल उपस्थिति 82.46 प्रतिशत दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, सही पाई गई आपत्तियों पर संबंधित अभ्यर्थी को शुल्क वापस किया जाएगा।
NMMSE परीक्षा 2026-27 की तारीख में बदलाव, अब 3 जनवरी 2027 को होगा एग्जाम
छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) 2026-27 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीख में बदलाव कर दिया है। पहले यह परीक्षा 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे स्थगित कर 3 जनवरी 2027 निर्धारित किया गया है। परीक्षा की तारीख बदलने के पीछे 12 और 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) को वजह बताया गया है। दोनों परीक्षाओं की तारीखों में टकराव होने के कारण परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता और व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने NMMSE परीक्षा की नई तारीख जारी की है। अब यह परीक्षा रविवार, 3 जनवरी 2027 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।