होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

जशपुर पुलिस की अनोखी पहल : 1000 हेलमेट के साथ खुला बैंक, जरूरत पड़ने पर ले सकेंगे हेलमेट

जशपुर पुलिस की अनोखी पहल : 1000 हेलमेट के साथ खुला बैंक, जरूरत पड़ने पर ले सकेंगे हेलमेट

जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। अब अगर कोई दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के अचानक घर से निकल जाता है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। जशपुर पुलिस ऐसे लोगों को अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को पुलिस लाइन में इस अनूठे हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया।

इस हेलमेट बैंक की शुरुआत फिलहाल 1000 हेलमेट के साथ की गई है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरत के समय हेलमेट उपलब्ध नहीं होने वाले दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा प्रदान करना है। पुलिस की इस पहल से लोगों को हेलमेट पहनने के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम करने की कोशिश की जा रही है।

जरूरत पड़ने पर मिलेगा हेलमेट, इस्तेमाल के बाद करना होगा वापस

जशपुर पुलिस के हेलमेट बैंक की सबसे खास बात इसकी व्यवस्था है। अगर कोई व्यक्ति किसी जरूरी काम से दोपहिया वाहन लेकर निकलता है और उसके पास हेलमेट नहीं है, तो वह पुलिस से अस्थायी रूप से हेलमेट ले सकता है। काम पूरा होने के बाद संबंधित व्यक्ति को हेलमेट वापस जमा करना होगा।

हालांकि, इस सुविधा के साथ एक सामाजिक जिम्मेदारी भी जोड़ी गई है। हेलमेट वापस करने वाले व्यक्ति को सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े छोटे सेवा कार्य में भी सहयोग करना होगा। इससे पुलिस का मकसद केवल हेलमेट उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा अभियान का हिस्सा बनाना भी है।

बिना हेलमेट पकड़े जाने पर होगी कार्रवाई

हेलमेट बैंक शुरू करने के साथ ही जशपुर पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती भी बढ़ा दी है। पुलिस विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रही है और उनके वाहन जब्त किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, वाहन चालक नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करता है, तो बिना चालान काटे उसका वाहन छोड़ने का प्रावधान रखा गया है। इस व्यवस्था के जरिए पुलिस लोगों में हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना चाहती है।

सड़क सुरक्षा परिवार की जिम्मेदारी भी : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

हेलमेट बैंक के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर पुलिस की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने जीवन और परिवार की सुरक्षा से भी जुड़ी हुई जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने से कई लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित इस्तेमाल गंभीर चोट और मृत्यु के खतरे को कम करने में मदद करता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हर सफर में हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

हेलमेट बैंक के शुभारंभ कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव और प्रबल प्रताप सिंह जूदेव उपस्थित रहे।

इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

जशपुर पुलिस की यह पहल सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब देखना होगा कि हेलमेट बैंक की यह व्यवस्था कितने लोगों को सुरक्षित सफर के लिए प्रेरित करती है।


संबंधित समाचार