होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

प्रतिबंध के बाद भी जारी एनालॉग पनीर की तस्करी, रायपुर और अंबिकापुर में बड़ी खेप जब्त

प्रतिबंध के बाद भी जारी एनालॉग पनीर की तस्करी, रायपुर और अंबिकापुर में बड़ी खेप जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर की अवैध सप्लाई थमने का नाम नहीं ले रही है। राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसे ट्रेन के जरिए अंबिकापुर भेजने की तैयारी की जा रही थी। विभाग ने मौके से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अंबिकापुर भेजने की थी तैयारी

जांच के दौरान टीम ने पाया कि प्रतिबंधित पनीर रेलवे पार्सल के माध्यम से भेजा जा रहा था। पूछताछ में माल लोड कर रहे युवक ने बताया कि पार्सल की बुकिंग आशीष जायसवाल नामक व्यक्ति द्वारा कराई गई थी। मामले की जांच जारी है और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

बस के बाद अब रेलवे बना तस्करी का माध्यम

इससे एक दिन पहले ही भाठागांव बस स्टैंड से अंबिकापुर पहुंची एक बस से करीब डेढ़ क्विंटल एनालॉग पनीर बरामद किया गया था। लगातार सामने आ रहे मामलों से संकेत मिल रहे हैं कि प्रतिबंध के बावजूद अवैध कारोबारियों ने नए रास्ते तलाशने शुरू कर दिए हैं।

क्यों लगाया गया है प्रतिबंध?

राज्य सरकार ने दूध पाउडर, पाम ऑयल और अन्य विकल्पों से तैयार होने वाले उन उत्पादों पर रोक लगाई है, जिन्हें असली पनीर या दुग्ध उत्पाद बताकर बेचा जाता है। एनालॉग पनीर कम लागत में तैयार होता है, लेकिन कई स्थानों पर इसे असली पनीर बताकर अधिक कीमत पर बेचने की शिकायतें मिलती रही हैं।

बस संचालकों और ट्रैवल्स ऑपरेटरों को चेतावनी

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी बस संचालकों और ट्रैवल्स एसोसिएशन को नोटिस जारी कर स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का परिवहन या वितरण करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे और पुलिस से भी मांगा सहयोग

विभाग ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस से समन्वय बढ़ाने की पहल की है। अधिकारियों का मानना है कि अन्य राज्यों से प्रतिबंधित उत्पाद छत्तीसगढ़ लाकर असली पनीर के नाम पर बेचने की आशंका बनी हुई है। इसे रोकने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख परिवहन मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जब्त पनीर के नमूने परीक्षण के लिए भेजे हैं। यदि जांच में प्रतिबंधित या नियमों के विपरीत उत्पाद होने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित समाचार