CG Crime News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवंतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में बुजुर्ग पति-पत्नी और उनके दो नाबालिग नाती-नातिन शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
निर्माणाधीन मकान में मिले चारों के शव
जानकारी के मुताबिक, भवंतरा गांव में रहने वाले मेदनी प्रसाद कश्यप (65), उनकी पत्नी शांति बाई (62), नाती पीताम्बर कश्यप (17) और नातिन मोगरा कुमारी (13) बुधवार रात एक निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे। गुरुवार सुबह जब काफी देर तक कोई बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने घर के अंदर जाकर देखा तो चारों के शव पड़े हुए थे। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
गांव में दहशत, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
चार लोगों की सामूहिक हत्या की इस वारदात से भवंतरा गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस इसे आपसी रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों से जोड़कर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल क्या है स्थिति?
शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में चार लोगों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है, मृतकों में पति-पत्नी और दो नाबालिग शामिल है, फिलहाल डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है, और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।