राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की युवा वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 53 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लेते हुए उन्होंने सिल्वर और कांस्य पदक अपने नाम किए। राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता में बेहतरीन ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए स्नैच में 88 किलोग्राम तथा क्लीन एंड जर्क में 106 किलोग्राम वजन उठाया।
छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल
कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी साबित की और दो पदक हासिल किए। ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि के बाद पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण पल बताया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि छत्तीसगढ़ की बेटियां अब हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
इस शानदार सफलता पर विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो पूरे प्रदेश के युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव आने वाले समय में भारत के लिए और भी बड़े कीर्तिमान स्थापित करेंगी। उनकी इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।