राजेश सोनी, डबरा: डबरा सिटी थाना अंतर्गत टेकनपुर हाईवे पर स्थित एक रिसॉर्ट में चल रहे गौरखधंधे पर पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-44 पर स्थित 'बॉर्डर रिसॉर्ट' पर अचानक दबिश देकर देह व्यापार और जुए के अड्डे को पकड़ा है। इस पूरी कार्रवाई में भीम आर्मी के नेता परबेंद्र घोरपड़े का नाम मुख्य संचालक के रूप में सामने आया है।
आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवती
मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्वालियर से आए विशेष पुलिस बल ने जब रिसॉर्ट के कमरों की तलाशी ली, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। एक कमरे से एक पुरुष और एक महिला को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस ने देह व्यापार की पुष्टि की है। पुलिस ने मौके से महिला और पुरुष को हिरासत में ले लिया है।
'महफिल-ए-जुआ'
रेड के दौरान पुलिस ने जब रिसॉर्ट के अन्य कमरों की जांच की, तो वहां बड़े स्तर पर जुआ खेलते हुए लोग मिले। पुलिस ने रंगे हाथों जुआ खेलते हुए 10 लोगों को दबोचा है। इनके पास से 15,000 की नगद राशि और कई मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, यह रिसॉर्ट भीम आर्मी नेता परबेंद्र घोरपड़े द्वारा संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने घोरपड़े सहित कुल 11 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है।
लंबे समय से मिल रही थी शिकायतें
पुलिस प्रशासन का कहना है कि उन्हें काफी समय से टेकनपुर हाईवे के आसपास स्थित ठिकानों पर अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचनाएं मिल रही थीं। भीम आर्मी नेता का नाम आने के कारण पुलिस ने पूरी सतर्कता और गोपनीयता के साथ इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब इस बात की गहराई से पड़ताल की जा रही है कि इस अवैध धंधे के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इसमें किन अन्य रसूखदारों का संरक्षण प्राप्त था।